फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: अमेरिका के न्यूजर्सी में गांधी संग्रहालय खोला, लेबनान का इस्राइल से ऐतिहासिक समझौता, पढ़ें खास खबरें

Wed, 12 Oct 2022 06:34 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, वाशिंगटन।

सार

महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने यह संग्रहालय खोलने के लिए ‘गांधियन सोसाइटी’ और बिड़ला समूह की सराहना की। वहीं इस्राइल के पीएम येर लापिद ने कहा है कि उनके देश ने पड़ोसी लेबनान के साथ साझा समुद्री सीमा को लेकर एक ‘ऐतिहासिक समझौता’ किया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Pixabay
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के न्यूजर्सी स्थित अटलांटिक शहर में महात्मा गांधी के जीवन और उनके संदेशों को समर्पित एक संग्रहालय का उद्घाटन किया गया। इसके उद्घाटन मौके पर न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल सहित भारतीय अमेरिकी समुदाय के कई प्रभावशाली सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस संग्रहालय को न्यू जर्सी स्थित ‘गांधियन सोसाइटी’ ने आदित्य बिड़ला समूह के साथ मिलकर बनाया है। 

विज्ञापन


यह ‘राष्ट्रपिता’ को समर्पित अमेरिका में पहला संग्रहालय है। यह संग्रहालय मार्टिन लूथर किंग फाउंडेशन के साथ संभवत: भागीदारी करेगा, जिसमें आधुनिक युग के दो सबसे महान लोगों के जीवन और उनके संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा। जायसवाल ने यह संग्रहालय खोलने के लिए ‘गांधियन सोसाइटी’ और बिड़ला समूह की सराहना की।

पाक : 27 अरब डॉलर के द्विपक्षीय ऋण को पुनर्गठित करने के प्रयास
पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने बताया कि हम विभिन्न देशों के करीब 27 अरब डॉलर के द्विपक्षीय ऋण को पुनर्गठित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पेरिस क्लब, बहुपक्षीय-अंतरराष्ट्रीय सॉवरेन बांड के तहत अमीर पश्चिमी देशों से मिले वैश्विक कर्ज का पुनर्गठन खारिज किया।
विज्ञापन


पाकिस्तानी वित्त मंत्री ने इसके साथ ही कहा कि द्विपक्षीय ऋण का पुनर्गठन ठीक है। डॉन अखबार की खबर के मुताबिक डार ने कहा कि पेरिस क्लब के कर्ज का पुनर्गठन करने का कोई लाभ नहीं है, क्योंकि इन लेनदारों का कुल कर्ज, कुल विदेशी कर्ज के 11 फीसदी से अधिक नहीं है और एक साल में मिलने वाली कर राहत 1.2 अरब डॉलर से कम है। पाक पर पेरिस क्लब के देशों का कुल 10.7 अरब डॉलर बकाया है। डार ने कहा, जब हम बाहरी भुगतान के लिए 32-34 अरब डॉलर की व्यवस्था करने जा रहे हैं, तो ऐसे में 1.2 अरब डॉलर कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। 

चीन का ऋण करीब 23 अरब डॉलर
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुसार पेरिस क्लब को छोड़कर पाकिस्तान का कुल द्विपक्षीय ऋण इस समय लगभग 27 अरब डॉलर है। इसमें चीनी कर्ज लगभग 23 अरब डॉलर है। पुनर्भुगतान में 22 अरब डॉलर का विदेशी ऋण और करीब 10-12 अरब डॉलर का चालू खाता घाटा शामिल है।

लेबनान से समुद्री सीमा पर किया ऐतिहासिक समझौता : इस्राइल
इस्राइल के पीएम येर लापिद ने कहा है कि उनके देश ने पड़ोसी लेबनान के साथ साझा समुद्री सीमा को लेकर एक ‘ऐतिहासिक समझौता’ किया है। अमेरिका ने इसके लिए हुई वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। लापिद ने कहा, यह समझौता इस्राइल की सुरक्षा को मजबूत करेगा, साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को काफी फायदा पहुंचाएगा और हमारी उत्तरी सीमा में स्थिरता सुनिश्चित करेगा। बता दें, इस्राइल के 1948 में अस्तित्व में आने के बाद से ही लेबनान और इस्राइल के बीच समुद्री सीमा को लेकर विवाद है। दोनों देश भूमध्य सागर के लगभग 860 वर्ग किमी (330 वर्ग मील) क्षेत्र पर दावा करते हैं।

हांगकांग ने नहीं माने रूसी कारोबारी की ‘सुपरयाट’ पर अमेरिकी प्रतिबंध
हांगकांग के नेता जॉन ली ने मंगलवार को कहा कि वह केवल संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों को लागू करेंगे। इससे पहले अमेरिका ने चेताया था कि अगर हांगकांग प्रतिबंधित व्यक्तियों के लिए पनाहगाह बना रहा तो उसके वित्तीय केंद्र का दर्जा खतरे में पड़ सकता है।

ली का बयान मंगलवार को तब आया जब कुछ दिन पहले रूसी कारोबारी एलेक्सी मोरदाशोव की एक आलीशान याट (नौका) शहर के तट पर रुकी। मोरदाशोव को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी माना जाता है और फरवरी में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद उन पर अमेरिका, ब्रिटेन तथा यूरोपीय संघ ने प्रतिबंध लगाया था। हांगकांग के अधिकारियों ने कहा है कि वे अन्य सरकारों द्वारा लगाए गए एकतरफा प्रतिबंध को लागू नहीं कर सकते हैं।

इफको सीईओ को अवैध कमीशन देने में कारोबारी संजय जैन गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इफको के प्रबंध निदेशक और सीईओ यूएस अवस्थी के गैरकानूनी कमीशन के लेनदेन और मनी लॉन्डि्रंग मामले में जारी कार्रवाई में कारोबारी संजय जैन को गिरफ्तार किया है। यह मामला 685 करोड़ से ज्यादा के गैरकानूनी कमीशन से जुड़ा है।

एजेंसी के एक बयान में कहा गया है कि जैन को छह अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे पीएमएलए विशेष अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे मंगलवार तक ईडी की रिमांड में भेज दिया था। सूत्रों के मुताबिक, ईडी रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है। 

आरोप के अनुसार, अवस्थी और इंडियन पोटाश लि. के प्रबंध निदेशक पीएस गहलोत के बेटों और अन्य को विदेशी आपूर्तिकर्ताओं ने 2007 से 2014 के बीच कथित तौर पर कमीशन दिया था। ईडी ने सीबीआई की ओर से 17 मई 2021 को दर्ज केस के आधार पर इस मामले में उदय शंकर अवस्थी, ज्योति ट्रेडिंग कॉरपोरेशन के प्रमोटर पंकज जैन और दुबई स्थित रेयर अर्थ ग्रुप के अमरेंद्रधारी सिंह सहित अन्य से पूछताछ शुरू की थी। इन पर ठगी और आपराधिक साजिश का आरोप है।

तुलसी गेबार्ड ने छोड़ी डेमोक्रेटिक पार्टी बताया युद्ध के ‘कुलीन साजिशकर्ता’
पूर्व कांग्रेस सदस्य भारतीय मूल की तुलसी गेबार्ड (41) ने युद्ध के कुलीन साजिशकर्ताओं का जमावड़ा बताकर डेमोक्रेटिक पार्टी छोड़ने की घोषणा की है। पिछले साल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा से सेवानिवृत्त तुलसी ने ट्विटर पर कहा कि मैं ऐसे लोगों के बीच अब और नहीं रह सकती। उन्होंने अपने अगले कदम की घोषणा नहीं की है।

2020 में राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनने में नाकाम रहने के बाद से उनका पार्टी में विरोध हो रहा था। तुलसी 2013 में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए हवाई से चुनी जाने वाली पहली हिंदू हैं। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, डेमोक्रेट आज हर मुद्दे पर रंगभेद का सहारा लेकर हमें बांटने में लगे हैं। तुलसी ने पार्टी ऐसे समय में छोड़ी है, जब अगले महीने महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनाव हैं। 
 
विज्ञापन

भारत-अमेरिका के बीच ऊर्जा सहयोग की अपार संभावना : पुरी
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि जैव ईंधन, पेट्रोरसायन, हरित हाइड्रोजन  और उत्पादन के क्षेत्रों में भारत एवं अमेरिका के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। दोनों देशों ने सहयोग के ठोस क्षेत्रों पर फैसला किया है।
पुरी ने ह्यूस्टन में एक समारोह में कहा, भारत दूसरे देश की तुलना में हरित ऊर्जा को अपनाने के लिए अधिक जागरूक है। उन्होंने ह्यूस्टन में अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी बोली के लिए विशेष कोल सीम गैस बोली दौर-2022 की शुरुआत की।

याचिका संग आपत्तिजनक तस्वीरें वकील पर 25 हजार का जुर्माना
बॉम्बे हाईकोर्ट ने याचिका के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें जमा कराने वाले एक वकील पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने वकील को फटकार लगाते हुए जुर्माने की राशि दो सप्ताह में लाइब्रेरी में जमा कराने के आदेश दिए हैं। अदालत ने वकील की इस हरकत को बेहद निंदनीय बताया है। इसी के साथ अदालत ने सभी वकीलों को नसीहत दी है कि किसी भी याचिका में इस तरह की तस्वीरों को संलग्न करते समय संयम बरतना चाहिए। 

उन्होंने दाखिल याचिका में से उन तस्वीरों को तत्काल हटाकर संबंधित पार्टी को सूचित करने को कहा है। दरअसल, मामले की सुनवाई जस्टिस मोहिते डेरे और श्रीराम एम मोडक की बेंच में सात अक्तूबर को हो रही थी। यह याचिका एक महिला की ओर से दाखिल किया गया था। इसमें वकील आनंद पांडेय और रमेश त्रिपाठी बहस कर रहे थे।

मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि फाइल खोलते ही आपत्तिजनक तस्वीरें सामने आ गई। उन्हें इसे बेहद गैर जिम्मेदार बताया। साथ ही कहा कि भविष्य में सभी वकीलों से उम्मीद की जाएगी कि वह इस तरह की गलती न करें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें