ब्रिटेन में नव नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त गायत्री इस्सर कुमार ने रविवार को पदभार संभाल लिया। भारतीय विदेश सेवा के 1986 बैच की गायत्री कुमार आजादी के बाद तीसरी भारतीय महिला हैं, जिन्होंने ब्रिटेन में उच्चायुक्त का पदभार संभाला। इनसे पहले विजया लक्ष्मी पंडित और रुचि घनश्याम यह पद संभाल चुकी हैं।
पदभार संभालने के तुरंत बाद, कुमार ने विदेश और राष्ट्रमंडल कार्यालय में मंत्री तारिक अहमद के साथ आभासी बैठकें कीं। कुमार इससे पूर्व बेल्जियम, लग्जमबर्ग और यूरोपीय संघ में भारत की राजदूत रह चुकी हैं। उन्होंने लंदन स्थित इंडिया हाउस में रुचि घनश्याम की जगह उच्चायुक्त का पदभार संभाला है। कुमार पेरिस में भारतीय दूतावास में उप मिशन प्रमुख के तौर पर सेवा देने के साथ ही जीनेवा में भारत के स्थायी मिशन में काउंसलर की भूमिका भी निभा चुकी हैं।
कुमार ने ऐसे समय में पदभार संभाला है, जब बोरिस जॉनसन सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिए जल्द ही ब्रेक्सिट से संबंधित मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी।