फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

G20 summit: नामपेन्ह में किशिदा और बाइडन ने की उत्तर कोरिया की निंदा, मोदी-जिनपिंग पहुंच रहे बाली

Mon, 14 Nov 2022 09:27 AM IST
सुरेंद्र जोशी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नामपेन्ह/बाली

सार

शी जिनपिंग आज इंडोनेशिया के बाली पहुंच रहे हैं। यहां उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन के साथ बहुप्रतीक्षित मुलाकात होने वाली है। दोनों नेता ताइवान तनाव, रूस के यूक्रेन पर हमले, उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम जैसे विवादित वह अहम मसलों पर चर्चा करेंगे। 
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी, जो बाइडिन और शी जिनपिंग - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कंबोडिया की राजधानी नामपेन्ह में आयोजित आसियान सम्मेलन में पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को जापान के पीएम फुमियो किशिदा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने उत्तर कोरिया की लगातार उकसावे की कार्रवाई की निंदा की। उधर, इंडोनेशिया के बाली में जी-20 देशों के नेताओं का जमावड़ा हो रहा है। इसमें भाग लेने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी व चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी पहुंच रहे हैं। बाइडन-जिनपिंग की बहुप्रतीक्षित मुलाकात भी यहां होगी। 

विज्ञापन


बाइडन व किशिदा ने अपनी मुलाकात में उत्तर कोरिया के गैर कानूनी ढंग से जनसंहार के शस्त्रों के निर्माण व बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम की आलोचना की। नामपेन्ह में हुई इस मुलाकात में बाइडन ने उत्तर कोरिया के उकसावे के खिलाफ जापान की पूरी मदद का वादा किया।

व्हाइट हाउस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने ताइवान की खाड़ी में भी शांति व स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही किशिदा व बाइडन ने यूक्रेन जंग को लेकर रूस के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की बात भी दोहराई। बाइडन ने परमाणु हमले के खिलाफ जापान की वचनबद्धता की भी तारीफ की। उन्होंने आसियान देशों की भी पूरी मदद का वादा किया। 
विज्ञापन


जी-20 के मौके पर होगी बाइडन-जिनपिंग अहम मुलाकात
बाली में 15-16 नवंबर को हो रही जी-20 शिखर बैठक में भाग लेने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज इंडोनेशिया के बाली पहुंच रहे हैं। यहां उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ बहुप्रतीक्षित मुलाकात होने वाली है। दोनों नेता ताइवान तनाव, रूस के यूक्रेन पर हमले, उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम जैसे विवादित वह अहम मसलों पर चर्चा करेंगे। 

पीएम मोदी बाली में 20 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आज इंडोनेशिया के बाली रवाना होंगे। वे 14 से 16 नवंबर तक बाली में रहेंगे। जी-20 शिखर सम्मेलन 15-16 नवंबर को है। करीब 45 घंटे के अपने प्रवास के दौरान पीएम मोदी 20 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 

दुनिया के दिग्गज 20 देशों के समूह जी-20 के प्रमुखों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के अलावा प्रधानमंत्री इसमें हिस्सा लेने वाले 10 देशों के प्रमुखों से द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे। इसमें बहुपक्षीय व द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। 

जी-20 संगठन का अगला अध्यक्ष भारत
जी-20 संगठन का अगला अध्यक्ष भारत है और इसकी अगली बैठक सितंबर, 2023 में नई दिल्ली में ही होने वाली है। इस नजरिए से भी पीएम मोदी का दौरा अहम माना जा रहा है। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि शिखर सम्मेलन तीन सत्रों में होगा और पीएम मोदी इन तीनों सत्रों में दूसरे वैश्विक नेताओं के साथ हिस्सा लेंगे। यह पूछे जाने पर कि पीएम मोदी की मुलाकात किन वैश्विक नेताओं से होगी, इसके जबाव में क्वात्रा ने बताया कि इस बारे में संबंधित देशों के साथ बातचीत की जा रही है और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बाली शिखर सम्मेलन के दौरान, पीएम मोदी और अन्य जी-20 नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, पर्यावरण, कृषि, स्वास्थ्य और डिजिटल परिवर्तन समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।  क्वात्रा ने बताया, शिखर सम्मेलन के दौरान तीन वर्किंग सेशन होंगे, जिसमें प्रधानमंत्री प्रतिभाग करेंगे। इनमें खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल परिवर्तन और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे शामिल हैं। वहीं इंडोनेशिया में भारतीय राजदूत मनोज कुमार भारती ने कहा, भले ही प्रधानमंत्री मोदी का इंडोनेशिया का यह दौरा बहुत छोटा हो, लेकिन रणनीतिक रूप से यह दौरा बहुत ही महत्वपूर्ण रहने वाला है। 

भारत, इंडोनेशिया और ब्राजील की तिकड़ी 
विदेश सचिव ने बताया कि भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी-20 सम्मेलन के लिए भारत, इंडोनेशिया और ब्राजील ने नेतृत्वकर्ता तिकड़ी का गठन किया है। उन्होंने कहा, जी-20 के इतिहास में पहली बार तीन विकासशील और उभरती वैश्विक अर्थव्यवस्थाएं एक साथ आई हैं। 85 फीसदी जीडीपी जी-20 में : वर्तमान वैश्विक आर्थिक सहयोग के लिहाज से जी-20 का महत्वपूर्ण स्थान है और अर्थव्यवस्था और विकास के बड़े अंतरराष्ट्रीय मामलों को आकार और मजबूती देने में यह अहम भूमिका निभाता है। दुनिया की 85 फीसदी जीडीपी जी-20 के सदस्य देशों में है, जबकि दुनिया का 75 फीसदी व्यापार और करीब 66 फीसदी आबादी यहां रहती है। 

पीएम मोदी और ब्रिटिश पीएम सुनक की होगी मुलाकात 
जी-20 सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी की ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक के साथ मुलाकात हो सकती है। पिछले महीने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने के बाद ऋषि सुनक की मोदी के साथ पहली बैठक होगी। बाली के लिए रवाना होने से पहले सुनक ने एक बयान में कहा कि व्लादिमिर पुतिन के युद्ध ने दुनियाभर में तबाही मचाई है और जीवन को नष्ट किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें