जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने रोम में प्रवासी भारतीयों के साथ अपनी बातचीत की झलकियां ट्विटर पर साझा कीं। उन्होंने कहा कि इटली में उनकी प्रवासी भारतीयों के साथ शानदार बातचीत हुई। इनमें भारत के बारे में अध्ययन करने वालों के साथ ही भारतीय मूल के वो लोग भी शामिल थे जिनका पिछले वर्षों में अपने मूल देश से करीबी संबंध बन चुका है। अलग-अलग विषयों पर उनके विचारों को सुनना शानदार अनुभव रहा।
हंसानंद गिरि ने कहा- दिल को छू लेने वाली मुलाकात
सनातन धर्म संघ की अध्यक्ष स्वामिनी हंसानंद गिरि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात दिल को छू लेने वाली रही। निश्चित ही यह दिल को छू लेने वाली मुलाकात रही क्योंकि इटली में हिंदू होना इतना आसान नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री से मिलना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। इटली में हिंदू अल्पसंख्यक हैं।
हंसानंद गिरि ने कहा कि भारत की संस्कृति मानवता के लिए खजाना है क्योंकि प्राचीन समय से अब तक यह पूरी मानवजाति के लिए है। यह शुरू से ही अहिंसा, सद्भाव और प्रकृति व पर्यावरण का सम्मान करने वाली संस्कृति रही है। उन्होंने कहा कि यह मानव के कल्याण की संस्कृति है। सनातन धर्म संघ की अध्यक्ष ने कहा कि सर्वजन हिताय के रूप में दुनिया में हर इंसान, हर प्राणी को सद्भाव और शांति से रहना है और हम शांति, शांति, शांति कहते हैं।
हंसानंद गिरि ने कहा कि हममें से सभी से उन्होंने अनोखा सवाल किया और पूछा कि भारत जाने पर हमें क्या पसंद आएगा, भारत में हमें कहां और क्या पसंद है। जब मैंने कहा कि तमिलनाडु, तो उन्होंने मुझसे तमिल भाषा में बातचीत की।