उत्तरी वजीरिस्तान जिले के बोया इलाके में पाकिस्तानी सैन्य बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सेना ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। सेना ने बयान में बताया कि मुठभेड़ में चार आतंकियों को मार गिराया गया है, वहीं पांच सैनिक भी हताहत हुए।
पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में अफगानिस्तान से लगी सीमा के पास एक खुफिया जानकारी के आधार पर आतंकवादियों के ठिकाने पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, इस दौरान सुरक्षा बलों ने चार आतंकवादियों को भी मार गिराने में सफलता हासिल की। इंटर-सर्विसेज पब्लिकेशन रिलेशंस ने पाकिस्तानी सैनिकों के हताहत होने की सूचना दी।
विज्ञापन
खुफिया सूचना के आधार पर चलाया था अभियान
इंटर-सर्विसेज पब्लिकेशन रिलेशंस ने मंगलवार को बताया कि सेना ने सोमवार को उत्तरी वजीरिस्तान जिले के बोया इलाके में पूर्व खुफिया जानकारी के आधार पर एक अभियान चलाया था। इस दौरान सेना के जवानों और आतंकवादियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में सेना ने एक कैप्टन सहित पांच जवानों को खो दिया। उन्होंने बताया कि हमने चार आतंकियों को भी मार गिराने में सफलता हासिल की है। इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा कि इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पाकिस्तानी सेना आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे बहादुर सैनिकों के बलिदान यूं खाली नहीं जाने दिया जाएगा।
पहले भी होते रहे हैं हमले
गौरतलब है कि पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में ये पहली बार नहीं है, वहां अक्सर सैन्य काफिले पर हमले होते रहते हैं। इस साल जुलाई में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक जिले में एक आत्मघाती हमलावर ने एक सैन्य काफिले पर अपनी बाइक को टक्कर मार दी थी। उस हमले में कम से कम आठ पाकिस्तानी सैनिक घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि आतंकवादी और अलगाववादी वहां सुरक्षा बलों और सरकारी अधिकारियों पर हमले करते रहते हैं।