Nepal Politics- Ram Chandra Poudel
- फोटो : Agency (File Photo)
सत्ताधारी नेपाली कांग्रेस पार्टी के नेता राम चंद्र पौडेल ने प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जताई है। इसके साथ ही वे ऐसे तीसरे नेता बन गए हैं, जिन्होंने आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद पर अपना दावा ठोकने का इरादा जताया हो। प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा अब तक यह तय मान कर चल रहे थे कि नेपाली कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री पद का चेहरा अकेले वे ही हैं। लेकिन नेपाली कांग्रेस के महासचिव गगन थापा के बाद पौडेल ने भी अपने को होड़ में उतार दिया है।
नेपाल में संसदीय और प्रांतीय असेंबलियों के लिए आम चुनाव अगले 20 नवंबर को होंगे। अगर उस चुनाव में नेपाली कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन जीता और देउबा फिर से नेता बनने में सफल रहे, तो यह छठा मौका होगा, जब वे प्रधानमंत्री बनेंगे। इस बीच पार्टी के अंदर उनके नेतृत्व को चुनौती मिलने से अब इस बारे में संशय पैदा हो गया है। पौडेल ने अपने गृह जिले तानाहम में एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा- देश इस इंतजार में है कि मैं प्रधानमंत्री बनूं और सामाजिक न्याय, सुशासन और समाजवाद की स्थापना में अपना योगदान दूं। पौडेल 2017 के चुनाव में तानाहम-1 निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव हार गए थे।
पौडेल ने अपना दावा उस समय पेश किया है, जिस समय नेपाली कांग्रेस के अंदर यह मांग तेज हो रही है कि बुजुर्ग नेता अब नौजवान नेताओं के लिए जगह खाली करें। देउबा और पौडेल दोनों बुजुर्ग नेता हैं। देउबा 76 और पौडेल 78 वर्ष के हैं। इस बीच युवा नेता होने के कारण गगन थापा को पार्टी के अंदर कई हलकों से समर्थन मिलने की खबर है। पार्टी के महासचिव विश्व प्रकाश शर्मा ने खुलेआम एलान किया है कि वे 46 वर्षीय थापा को अपना समर्थन देंगे। गगन थापा को नेपाली कांग्रेस के शेखर कोइराला खेमे का नेता माना जाता है। इस बारे में पूछे जाने पर कोइराला ने पत्रकारों से कहा कि चुनाव के पहले ऐसी चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है। उनके इस बयान को इस बात का संकेत माना गया है कि थापा के दावे को कोइराला गुट का समर्थन नहीं है। थापा ने अपनी तरफ से ही ये दावा पेश कर दिया है।
पर्यवेक्षकों के मुताबिक नेपाल में चुनाव के पहले प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की परंपरा नहीं है। लेकिन ये आम समझ रहती है कि पार्टी का सर्वोच्च नेता ही प्रधानमंत्री बनेगा। फिलहाल नेपाली कांग्रेस में देउबा को सर्वोच्च नेता माना जाता है। इस बीच नेपाली मीडिया में यह चर्चा भी जोरों पर है कि प्रधानमंत्री देउबा की पत्नी 60 वर्षीय आरजू राना भी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखती हैँ। लेकिन इस बारे में पति-पति की तरफ से कोई औपचारिक संकेत नहीं दिए गए हैं।
इस बीच सत्ताधारी गठबंधन में शामिल दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओइस्ट सेंटर) के प्रमुख पुष्प कमल दहल ने भी कहा है कि वे एक बार और देश का प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। उनकी पार्टी के सूत्रों का दावा है कि अगली बार सत्ताधारी गठबंधन की सरकार इसी शर्त पर बनेगी कि देउबा और दहल आधे-आधे समय के लिए प्रधानमंत्री बनेंगे।