पाकिस्तान के सुक्कुर शहर और खैबर पख्तूनख्वा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग में 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक सुक्कुर शहर में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की। इसमें एक पक्ष के चार लोगों की मौत हो गई। जिसमें तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हुई। वहीं दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की भी गोलीबारी में मौत हो गई। कई लोग घायल भी हो गए।
पुलिस के मुताबिक विवाद में पहले भी तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने विवाद की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा के लोअर ओरकजई जिले में भूमि विवाद के चलते दो जनजातियों के बीच हुई झड़प के बाद फायरिंग हुई। इसमें पांच लोगों की जान चली गई। जबकि कई लोग घायल हो गए।
उधर ओकारा जिले के देपालपुर तहसील क्षेत्र में एक भाई ने अपनी बहन को गोली मार दी। हुजरा शाह मुकीम अटारी रोड इलाके में एक नौंवी में पढ़ने वाली एक छात्रा की कुछ दिन पहले परीक्षा थी। छात्रा परीक्षा में फेल हो गई थी। इससे गुस्साए भाई ने छात्रा को गोली मार दी। छात्रा की मौके पर मौत हो गई। जबकि युवक फरार हो गया। पीड़िता की मां शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। युवक की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक युवक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।