आग पर काबू पाने की कोशिश (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
दक्षिण अफ्रीका के सबसे बड़े शहर जोहानिसबर्ग स्थित शेर्लोट अस्पताल में बीते शुक्रवार को आग लगने से अफरा तफरी मच गई। शनिवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आनन-फानन में मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि करीब 700 मरीजों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया।
आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर लगी जिस पर काबू पाने के लिए 60 दमकल गाड़ियां लगाई गई थीं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गुटेंग प्रांत के प्रीमियर डेविड माखुरा ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन अस्पताल को सात दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
आग की शुरुआत शुक्रवार की सुबह हुई थी, जिसे दोपहर बाद तक बुझा दिया गया था। शाम को यह फिर से भड़क उठी और रातभर की कवायद के बाद शनिवार सुबह तक इस पर काबू पाया जा सका।
आग लगने की वजह का खुलासा नहीं
बता दें कि जोहानिसबर्ग शहर दक्षिण अफ्रीका के गुटेंग प्रांत में स्थित है। बताया जा रहा है कि यह अस्पताल काफी बड़ा है। अस्पताल में हर दिन 500 से ज्यादा मरीज इलाज के लिए आते हैं।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। अस्पताल प्रबंधन ने आग लगने की जांच शुरू कर दी है।