कैलिफोर्निया में धमाके के बाद घटनास्थल की तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
पाम स्प्रिंग्स पुलिस प्रमुख एंडी मिल्स ने बयान में कहा कि यह धमाका जानबूझकर किया गया कृत्य लग रहा है। कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से कुछ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। मिल्स ने कहा, एक व्यक्ति की मौत हुई है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
इस मामले से जुड़े दो अधिकारियों ने बताया कि धमाके को कार बम विस्फोट के रूप में देखा जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा माना जा रहा है कि जो व्यक्ति मरा है, वही धमाके के लिए जिम्मेदार हो सकता है। हालांकि जांच अभी शुरुआती दौर में है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने कहा कि संघीय एजेंसियां जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा, ट्रंप प्रशासन महिलाओं और माताओं को अमेरिका की धड़कन मानता है। किसी फर्टिलिटी क्लिनिक पर हमला अक्षम्य है।
ये भी पढ़ें: Sagarmatha Sambaad: नेपाल में बोले विशेषज्ञ- पहाड़ मानवता की जीवन-रेखा, इनका संरक्षण विश्व समुदाय का कर्तव्य
एफबीआई ने सोशल मीडिया पर बताया कि जांचकर्ता, बम विशेषज्ञ और सबूत जुटाने वाली टीम घटनास्थल पर पहुंची है। इसके अलावा शराब, तंबाकू, हथियार और विस्फोटक मामलों की जांच करने वाला ब्यूरो (एटीएफ) भी मदद कर रहा है। पाम स्प्रिंग्स शहर ने बताया कि धमाका सुबह 11 बजे हुआ और लोगों से कहा गया कि वे नॉर्थ इंडियन कैन्यन ड्राइव और ईस्ट ताचेवाह ड्राइव के आसपास के इलाके से दूर रहें।
कैलिफोर्निया में धमाके के बाद घटनास्थल की तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
क्लिनिक में नहीं थे मरीज, सभी कर्मचारी सुरक्षित
अमेरिकन रिप्रोडक्टिव सेंटर फर्टिलिटी क्लिनिक के मालिक डॉ. महेर अब्दुल्ला ने बताया कि उनके क्लिनिक को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस को फोन पर इंटरव्यू में बताया कि उनका पूरा स्टाफ सुरक्षित और सही सलामत है। विस्फोट से उस कार्यालय को नुकसान हुआ जहां मरीजों से बातचीत होती है, लेकिन आईवीएफ लैब और वहां रखे गए सभी भ्रूण सुरक्षित हैं। अब्दुल्ला ने कहा, मुझे नहीं पता कि क्या हुआ, शुक्र है कि आज कोई मरीज नहीं था। घटनास्थल से आई तस्वीरों में क्लिनिक के पास एक जलती हुई कार दिखाई दी। विस्फोट ने इमारत की छत को ढहा दिया और सड़क के दूसरी तरफ मलबा फैला दिया।
पास के एक स्काईलार्ट होटल में काम करने वाले राइनो विलियम्स (47 वर्षीय) ग्राहकों से बातचीत कर रहे थे। विस्फोट की तुरंत बाद वह घटनास्थल की ओर दौड़ते हुए दिखाई दिए। उन्होंने धुएं का गुबार उठते हुए देखा और जलते हुए हुए प्लास्टिक और रबर की गंध महसूस की। उन्होंने देखा कि एक इमारत का हिस्सा उड़कर सड़क तक आ गया था और चारों तरफ मलबा फैला हुआ था। निमा तब्रिजी (37 वर्षीय) पास की एक कैनबिस डिस्पेंसरी में थे। उन्होंने कहा, यह विस्फोट ऐसा लगा जैसे बम फट गया हो....हम घटनास्थल पर गए और शव देखे। पाम स्प्रिंग्स एक खूबसूरत शहर है, जो लॉस एंजेलिस से लगभग दो घंटे की दूरी पर स्थित है और अपने लग्जरी रेस्तरां के लिए जाना जाता है।