अमेरिका के अलास्का में बाप-बेटे की जोड़ी ने एक भालू और उसके दो बच्चों की बेहरमी से हत्या कर दी है। इस घटना का एक वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है। वीडियो को अलास्का के अधिकारियों ने सार्वजनिक भी किया है। वीडियो द ह्यूमन सोसाइटी के अनुरोध के बाद जारी की गई।
ये वीडियो अप्रैल 2018 का है। पिता का नाम एंड्रियू और बेटे का नाम ओवेन रेनर है। दोनों वैसिला के रहने वाले हैं। अलास्का के सैनिकों की रिपोर्ट के अनुसार दोनों आरोपी मादा भालू और उसके बच्चों को मारने से पहले एस्टर द्वीप पर देखे गए थे। इन दोनों पर अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस की नजर थी। दोनों आरोपियों ने भालू और उसके बच्चों को मारने के बाद उनके शव के साथ तस्वीरें लीं। इसके बाद दोनों को उसी स्थान पर दोबारा आकर सबूत मिटाते हुए भी देखा गया।
दोनों ने भालू और उसके बच्चों के शवों को थैले में डाल दिया। द ह्यूमन सोसाइटी के अनुसार भालू के बच्चों और भालू को मारना अलास्का के कुछ क्षेत्रों में वैध है लेकिन इन लोगों ने जहां इन्हें मारा है उस स्थान पर ये वैध नहीं है। इससे पहले ये दोनों जनवरी 2019 में भी मादा भालू और उसके बच्चों को मार चुके हैं। इन्हें इसमें दोषी पाया गया और प्रत्येक पर 1800 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया था।