यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने हागिया सोफिया को संग्रहालय से मस्जिद में बदलने और विवादित भूमध्य सागर में तेल की खोज करने सहित विभिन्न मुद्दों पर तुर्की की सोमवार को कड़ी निंदा की। मंत्रियों के बीच अंकारा के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की योजना पर चर्चा हुई।
लक्जमबर्ग के विदेश मंत्री जीन एसेलबॉर्न ने कहा, हागिया सोफिया के बारे में सुनकर मुझे झटका लगा। वहीं स्वीडन के विदेश मंत्री एन्न लिंडे ने कहा, भूमध्य सागर में तुर्की का कदम 27 सदस्यीय संगठन के लिए चिंता का सबब है।
बता दें कि यूरोपीय संघ के विदेश मामलों के प्रमुख जोसेप बोर्रेल पिछले हफ्ते तुर्की में थे और उन्होंने पूर्वी भूमध्य सागर में तेल खोज के मामले पर तुर्की की यूनान और साइप्रस से विवाद पर भी चर्चा की थी। तुर्की ने तेल खनन के कार्य की सुरक्षा के लिए युद्धपोत की तैनाती की है, जबकि साइप्रस का दावा है कि जिस इलाके में तुर्की तेल खोज कर रहा है, वह उसका है।
यूनेस्को को देंगे जानकारी : तुर्की
तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लु ने कहा, हागिया सोफिया संग्रहालय को मस्जिद में बदलने को लेकर उठाए गए कदमों के बारे में अंकारा संयुक्त राष्ट्र के सांस्कृतिक निकाय यूनेस्को को जानकारी देगा। यूनेस्को ने शुक्रवार को तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन के फैसले की निंदा की थी।