अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ विवाद के बीच अरबपति उद्योगपति एलन मस्क का एक्स पोल भी चर्चा का विषय बना हुआ है। एक्स पर कराए गए इस पोल में 80 फीसदी से अधिक लोगों ने मस्क के सवाल का जवाब हां में दिया है। इसके अलावा 19.6 फीसदी लोगों ने मस्क के सवाल का जवाब ना में दिया। मस्क के सवाल वाले इस एक्स पोल में 56.30 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
पोल के नतीजों से उत्साहित हैं मस्क, लिखा- The America Party
इस नतीजे से उत्साहित मस्क ने एक और एक्स पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'लोगों ने अपनी बात कह दी है। अमेरिका में 80% मध्य वर्ग का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक नई राजनीतिक पार्टी की जरूरत है! ठीक 80% लोग इस बात से सहमत हैं कि यही नियति है।' मस्क के इस बयान को 55 हजार से अधिक एक्स यूजर्स ने पसंद किया। इसी एक्स पोस्ट के बाद मस्क ने दी अमेरिका पार्टी (The America Party) लिखकर भी पोस्ट किया। इसे 70 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं।
अमेरिकी राजनीति में नाटकीय घटनाक्रम
ट्रंप से विवाद के बाद टेस्ला के मालिक एलन मस्क नई राजनीतिक पार्टी बनाने की सोच रहे हैं। मस्क ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, क्या अब अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है, जो अमेरिका के 80 फीसदी मध्य वर्ग का प्रतिनिधित्व करे। उनके इस पोस्ट पर 56 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन अपना मत दिया। इनमें से 80.4 फीसदी लोग मस्क के इस विचार से सहमत हैं। वहीं 19.6 फीसदी लोगों ने मस्क के इस बयान को खारिज कर दिया।
मस्क के एक्स पर 20 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स
मस्क ने एक विचारक के जवाब में कहा, डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद पर सिर्फ 3.5 साल और रहेंगे, लेकिन मैं 40 साल या उससे अधिक समय तक यहां रहूंगा। विशेषज्ञों के अनुसार जिस तरह से मस्क को समर्थन मिला है, उससे आने वाले दिनों में वह राजनीतिक पार्टी का गठन कर सकते हैं। मस्क के एक्स पर 20 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं।
ये भी पढ़ें- Trump vs Musk Updates: मस्क बोले- अब असली धमाका.., स्पेसएक्स पर भी फैसला; टेस्ला के शेयर 14% से अधिक गिरे
टेस्ला को एक ही दिन में 150 अरब डॉलर का नुकसान
ट्रंप व मस्क के रिश्तों में दरार आने पर कंपनी शेयर 14.26% गिरकर 284.70 डॉलर प्रति शेयर बंद हुए। दोनों में वाकयुद्ध के बीच, निवेशकों ने टेस्ला को छोड़ने का मन बना लिया, जिससे शेयरों में व्यापक गिरावट आई। टेस्ला को 150 अरब डॉलर की क्षति हुई, जो स्टारबक्स जैसी कंपनियों के सभी शेयर खरीदने के लिए लगने वाली राशि से भी ज्यादा है।
ये भी पढ़ें- Musk Vs Trump: ट्रंप को मस्क की दो टूक- मेरे बिना चुनाव नहीं जीतते; जनता से पूछा- क्या अब नया दल बनाने का समय?
रोबोटैक्सी प्रोजेक्ट पर ब्रेक
अर्थ विश्लेषक डैन इवेस अब चिंतित हैं क्योंकि ड्राइवरलैस कार रोबोटैक्सी का पूरा लक्ष्य उन्हें अगले वर्ष 20 या 25 शहरों में लाना है और इसमें देरी तय है। मौजूदा विवाद से रोबोटैक्सी प्रोजेक्ट पर भी ब्रेक लग गया है।