दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क ने ट्विटर अधिग्रहण करते ही सीईओ पराग अग्रवाल सहित तीन बड़े अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया। अब इस कंपनी के आधे कर्मचारियों पर छंटनी की तलवार लटकी है। अमेरिकी मीडिया हाउस ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, वह चार नवंबर को 3,700 ट्विटर कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने वाले हैं।
यह कंपनी के कुल 7,500 कर्मचारियों का तकरीबन 50 फीसदी है। कंपनी में बड़े स्तर पर छंटनी का दावा ब्लूमबर्ग ने एक अनाम सूत्र के हवाले से किया है। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल ट्विटर ने नहीं की है। कंपनी के अधिग्रहण के बाद पहले बड़े नीतिगत बदलाव के तौर पर मस्क हर ब्लू टिक वाले अकाउंट धारक से शुल्क वसूलने जा रहे हैं।
कहीं से भी काम करने की आजादी छिनेगी
ट्विटर दुनिया में अपने वर्क कल्चर की वजह से भी जानी जाती थी। इसमें कंपनी की कहीं से भी काम करने की आजादी जैसी नीतियों का योगदान रहा है। मस्क कहीं से भी काम करने की नीति को खत्म करने की योजना बना रहे हैं। ट्विटर ने कोरोना के दौरान कई लोगों को हमेशा के लिए घर से काम करने की आजादी भी दे दी थी। इस नीति में भी बदलाव आ सकता है।
ब्लूटिक के लिए चुकाने होंगे आठ डॉलर
एलन मस्क ने ट्विटर को 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर में खरीदा है और सौदे के बाद ब्लू टिक वेरिफिकेशन के लिए 8 डॉलर यानी करीब 660 रुपये का शुल्क लगाया है। एलन मस्क ने बुधवार को अपने एक ट्वीट में कहा कि ट्विटर इंटरनेट पर सबसे दिलचस्प जगह है, इसलिए आप अभी इस ट्वीट को पढ़ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया था कि वामपंथी और दक्षिणपंथी दोनों ओर से आलोचना हो रही है लेकिन यह एक अच्छा संकेत है। यहां आपको वह मिलता है जिसके लिए आप भुगतान करते हैं।