अमेरिका में जारी लॉकडाउन की वजह से अमेरिकी इलेक्ट्रिक-कार निर्माता कंपनी टेस्ला को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लॉकडाउन की पाबंदियों से तंग आकर कंपनी ने अमेरिका में एक मात्र कार प्लांट को कैलिफोर्निया से हटाने तक की धमकी दी है।
कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने प्रशासन के आदेशों से परेशान होकर सख्त टिप्पणी करते हुए कंपनी में निर्माण बंद करने के लिए कहा है। एलन के ट्वीट किए जाने के कुछ ही घंटों बाद ही टेस्ला ने कैलिफोर्निया की अल्मेडा काउंटी पर मुकदमा कर दिया।
शुक्रवार को काउंटी ने कंपनी को परिचालन फिर से शुरू करने की सुविधा देने से इनकार कर दिया था। इसपर कंपनी ने सैन फ्रांसिस्को में अमेरिकी जिला न्यायालय में शिकायत दर्ज की। टेस्ला का दावा है कि काउंटी का आदेश उचित प्रक्रिया का उल्लंघन करता है।
एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने दावा किया कि कार निर्माण जरूरी बिजनेस है। लेकिन काउंटी के स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसपर असहमति जताई थी। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री से सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो सकता है।
बता दें की टेस्ला फैक्ट्री में लगभग 10,000 लोग कार्यरत हैं, जिनमें कई लोग अल्मेडा काउंटी के बाहर से आते हैं। मस्क ने कोरोना संबंधी शटडाउन आदेशों को फासीवादी तक कहा है। वेनश सिक्युरिटीज के विश्लेषक डैन इव्स ने कहा, यह बेहद निराशाजनक है। इससे टेस्ला पर विपरीत असर पड़ सकता है।