इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच कैलिफोर्निया के वेस्टलेक में एक 69 वर्षीय यहूदी व्यक्ति की फलस्तीन समर्थकों के साथ झड़प के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान पॉल केसलर के तौर पर की गई है। वेंचुरा काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि थाउजेंड ओक्स में एक रैली में फलस्तीनी समर्थकों के साथ झड़प के दौरान सिर में चोट लगने की वजह से पॉल केसलर की मौत हुई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को शव परिक्षण के बाद उनकी मौत को हत्या बताया गया है।
विज्ञापन
ग्रेटर लॉस एंजिल्स के यहूदी महासंघ ने एक बयान में बताया कि केसलर पर एक मेगाफोन मारा गया था, लेकिन सोमवार को अधिकारियों ने इसके विवरण की पुष्टि नहीं की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें एक व्यक्ति फुटपाथ पर पड़ा हुआ था और उसके सिर से खून बह रहा था। वहीं स्वतंत्र फलस्तीन जैकेट पहने एक महिला समेत दो लोग उस व्यक्ति की मदद करने की कोशिश करते दिखे।
इस मामले में अबतक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच के लिए फुटेज तलाश रही है। वेंचुरा काउंटी पर्यवेक्षक जेफ गोरेल ने इस घटना पर शोक जताया।