एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा कि आज ऑकलैंड में मंत्री प्रियंका राधाकृष्णन से मिलकर अच्छा लगा। न्यूजीलैंड की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद सत्र के लिए उनका धन्यवाद।
विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को न्यूजीलैंड पहुंचे और उन्होंने भारतीय मूल की मंत्री प्रियंका राधाकृष्णन से मुलाकात की। एस जयशंकर न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की एक सप्ताह की यात्रा पर हैं। न्यूजीलैंड पहुंचकर एस जयशंकर ने यहां की बड़ी हस्तियों के साथ बातचीत भी की।
विज्ञापन
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री नानाया महुता और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ अपनी अलग-अलग चर्चाओं के दौरान दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। ऑस्ट्रेलिया में विदेश मंत्री कैनबरा और सिडनी की यात्रा पर जाएंगे।
वहीं एस जयशंकर ने ट्वीट कर बताया कि आज ऑकलैंड में मंत्री प्रियंका राधाकृष्णन से मिलकर अच्छा लगा। न्यूजीलैंड की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद सत्र के लिए उनका धन्यवाद और यह मुलाकात हमारे संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन
युवा मामलों की मंत्री हैं राधाकृष्णन
प्रियंका राधाकृष्णन न्यूजीलैंड के सामुदायिक और स्वैच्छिक क्षेत्र, विविधता, समावेश और जातीय समुदाय और युवा मामलों की मंत्री हैं। वह न्यूजीलैंड में मंत्री बनने वाली भारतीय मूल की पहली व्यक्ति हैं। वहीं विदेश मंत्री जयशंकर गुरुवार को न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न के साथ भारतीय समुदाय के सदस्यों को उनकी असाधारण उपलब्धियों और योगदान के लिए सम्मानित करेंगे।
डाक टिकट जारी करेंगे
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा कि दोनों नेता न्यूजीलैंड में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने और प्रदर्शित करने के लिए इंडिया@75 डाक टिकट जारी करेंगे। साथ ही जयशंकर 'मोदी@20: ड्रीम्स मीट डिलीवरी' पुस्तक का भी विमोचन करेंगे।
भारतीय प्रवासियों के साथ करेंगे बातचीत
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिख समुदाय के साथ विशेष बंधन 'हार्टफेल्ट - द लिगेसी ऑफ फेथ' को प्रदर्शित करने वाली एक पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा, वह सांसदों, व्यापारिक समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ छात्रों सहित भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगे। वेलिंगटन में विदेश मंत्री जयशंकर भारतीय उच्चायोग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे।