अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करने वाले हैं। ट्रंप के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद व्हाइट हाउस में यह उनकी दूसरी बैठक होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों नेता बैठक के दौरान गाजा में इस्राइल की बमबारी और ट्रंप द्वारा लगाए गए नए टैरिफ के बारे में चर्चा करेंगे।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने शनिवार को पीएम नेतन्याहू की यात्रा की आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब इस्राइल हमास पर दबाव बनाने के लिए गाजा में एक नया सुरक्षा गलियारा स्थापित कर रहा है। इस्राइली रक्षा मंत्री भी इस बारे में अपना बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा है कि इस्राइल गाजा के बड़े क्षेत्रों पर कब्जा करेगा और उन्हें अपने सुरक्षा क्षेत्रों में शामिल करेगा।
इस्राइल ने गाजा में तेज किए हमले
हाल ही में इस्राइल ने हमास पर दबाव बनाने के लिए गाजा में अपने हमले तेज कर दिए हैं। शुक्रवार को यानी एक दिन पहले इस्राइली हमलों में कम से कम 100 फलस्तीनी नागरिक मारे गए थे। जबकि, पिछले दो हफ्तों में इस्राइली हमलों में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। इस्राइल का उद्देश्य हमास से अपने शेष बंधकों को रिहा कराना है। इस्राइल ने यह भी कहा है कि युद्ध तब तक जारी रहेगा, जब तक हमास हथियार नहीं डालता और बंधकों को वापस नहीं करता।
ये भी पढ़ें: US Tariff: अमेरिका की जनता को टैरिफ की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी? 'ट्रंप का आह्वान- मजबूती से डटे रहें लोग
राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने नेतन्याहू को दिया था पहला न्योता
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में पहले विदेशी नेता के रूप में पहला निमंत्रण नेतन्याहू को दिया था। चार फरवरी को दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक का उद्देश्य हमास के साथ इस्राइल के युद्ध और युद्धविराम समझौते के बाद अगले कदमों पर ध्यान केंद्रित करना था।
विस्थापित फलस्तीनियों के लिए पुनर्विकास का सुझाव दे चुके ट्रंप
इससे पहले, ट्रंप गाजा में विस्थापित फलस्तीनियों के लिए एक विवादास्पद प्रस्ताव दे चुके हैं। उन्होंने सुझाव दिया था कि इस क्षेत्र को मध्य पूर्व के रिवेरा में पुनर्विकसित किया जाए, लेकिन फलस्तीनियों ने ट्रंप के इस सुझाव को नकारते हुए अपनी मातृभूमि छोड़ने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा, अरब देशों और अधिकार समूहों ने भी ट्रंप के इस प्रस्ताव की तीखी आलोचना की थी।
ये भी पढ़ें: US: 'अमेरिका म्यांमार की मदद के लिए तैयार, लेकिन....', विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने अमीर देशों से की ये अपील
पिछले महीने इस्राइल ने तोड़ा युद्धविराम
पिछले महीने इस्राइल ने युद्धविराम को तोड़ते हुए हमास पर दबाव डालने के लिए गाजा में बमबारी की थी। व्हाइट हाउस ने इस्राइल के इस कदम का समर्थन किया। इसके बाद इस्राइल ने गाजा में फिर से सभी आपूर्ति काट दी। वहीं, नेतन्याहू को अपने देश में बढ़ते राजनीतिक दबावों का सामना करना पड़ रहा है। गाजा में बंधकों के रिश्तेदारों ने ट्रंप से अनुरोध किया है कि वह अपनी सारी शक्ति का उपयोग नेतन्याहू पर युद्ध समाप्त करने और बंधकों को वापस लाने के लिए दबाव डालने के लिए करें।
संबंधित वीडियो