अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के रिसॉर्ट में शुक्रवार को तीन युवा एके-47 राइफल के साथ घुस गए। हालांकि पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पाम बीच पुलिस ने बताया कि कि ट्रंप उस वक्त वहां नहीं थे, रिसॉर्ट फिलहाल बंद है। ट्रंप का यह आलीशान रिसॉर्ट फोर्ट लाउडेरडेल में है। इसका नाम मार-ए-लेगो है।
सुरक्षा में सेंध का सिलसिला..
2018 : थैंक्सगिविंग डे के मौके पर विस्कोन्सिन का एक युवक भीड़ के बीच से होता हुआ मार-ए-लेगो तक पहुंच गया। उसे भी गिरफ्तार किया गया था।
मार्च 2019 : चीन की युजियांग झांग मार-ए-लेगो तक पहुंच गई थी। 33 साल की झांग ने सुरक्षा को चकमा दिया था। इतना ही नहीं वो अपने साथ लैपटॉप, दो फोन और कुछ दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गियर ले जाने में भी कामयाब रही थी। उसने खुद को ट्रंप का फैन बताया था। गिरफ्तार हुई लेकिन जांच के बाद रिहा कर दी गई।
दिसंबर 2019 : चीन के शंघाई की रहने वाली और टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका आई 56 साल की जिंग ल्यू भी रिसॉर्ट तक पहुंच गई थी। उसने कुछ फोटोग्राफ भी लिए थे। उसे भी गिरफ्तार किया गया था। उसकी भी जांच के बाद रिहाई हुई थी।
05 जनवरी 2020 : ट्रंप परिवार दो हफ्ते की छुट्टियां मनाकर लौटा था। इसके कुछ घंटे बाद एक व्यक्ति दो चेक प्वाइंट क्रॉस करते हुए रिसॉर्ट के मेन गेट पर पहुंच गया था। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को ट्रंप के हेलिकॉप्टर का क्रू मेंबर बताया था।
31 जनवरी 2020 : कनेक्टिकट की ओपेरा सिंगर हन्ना रोएमहिल्ड पुलिस से बचने के लिए भागी थी। उनकी एसयूवी ने मार-ए-लेगो के बाहर चेकपोस्ट को टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई थी और बाद में उसकी गिरफ्तार हुई।