यह लगातार तीसरा साल है, जब कोविड-19 वायरस समूची दुनिया के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। भारत में बीते 24 घंटे में 12 हजार से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं, जबकि 16,251 लोग इससे उबर गए हैं।
कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। पिछले चार सप्ताहों में दुनियाभर में इस महामारी से मौतों की संख्या में 35 फीसदी की चिंताजनक बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख डॉक्टर टेड्रोस घेब्रेयसस ने दुनियाभर के लोगों के लिए वीडियो संदेश जारी कर फिर चेताया है।
इस बीच, भारतीय नीति आयोग के सदस्य स्वास्थ्य डॉ. वीके पाल ने कहा है कि कोविड-19 महामारी अब भी मौजूद है। यह पिछले कुछ सप्ताहों में बढ़ रहा है, इसलिए टीके की बूस्टर खुराक समेत सभी आवश्यक उपाय करना जरूरी है। इनमें मास्क व सुरक्षित शारीरिक दूरी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि र्कोबेवैक्स टीके को बूस्टर खुराक के रूप में मंजूरी दी गई है। यह पूर्व में अन्य टीकों की खुराक लेने वाले भी लगवा सकते हैं।
भारत में सक्रिय मरीज व संक्रमण दर घटी
गुरुवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा अपडेट आंकड़ों के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 12,608 नए मरीज मिले हैं, जबकि 16,251 मरीज स्वस्थ हुए हैं। देश में अब सक्रिय केस और घटकर 1,01,343 हो गए हैं। वहीं दैनिक संक्रमण दर घटकर 3.48 रह गई है।