व्हाइट हाउस के डॉक्टर ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रेमेडिसविर थेरेपी दी जा रही है और वे "ठीक हैं।" ट्रंप को कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद शुक्रवार को इलाज के लिए एक सैन्य अस्पताल में ले जाया गया।
ट्रंप प्रशासन ने इस साल की शुरुआत में रेमेडिसविर को आपातकालीन परिस्थिति में इस्तेमाल की मंजूरी दी थी। तब इस दवा ने अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के इलाज में मध्यम प्रभाव दिखाया था।
व्हाइट हाउस के डॉक्टर शॉन कॉनले ने कहा कि चिकित्सा विशेषज्ञों ने राष्ट्रपति के कोविड-19 संक्रमण के इलाज के लिए रेमेडिसविर थेरेपी की अनुशंसा की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बुखार था और वे काफी थकान महसूस कर रहे थे। व्हाइट हाउस में इलाज में एक प्रायोगिक दवा दिए जाने के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल जाने से उनके चुनावी अभियान पर फर्क पड़ेगा।
समाचार एजेंसी के मुताबिक कोरोना वायरस पॉजिटिव होने की घोषणा करने के करीब 17 घंटे बाद, ट्रंप व्हाइट हाउस से धीरे-धीरे चलकर अपने लिए इंतजार कर रहे हेलिकॉप्टर में सवार हो गए। उन्हें मैरीलैंड के बेथेस्डा में वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर ले जाया गया। उन्होंने मास्क लगा रखा था और बिजनेस सूट पहने हुए ट्रंप ने पत्रकारों से बात नहीं की।
कोरोना वायरस के खतरे को कम आंकने और बताने वाले राष्ट्रपति को चुनाव से एक महीने पहले सभी अभियानों को रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। क्योंकि इस वक्त उनकी लड़ाई एक ऐसे वायरस से है जो 205,000 से ज्यादा अमेरिकियों को मार चुका है और अपनी जद में आए अन्य लोगों को भी मार रहा है।
ट्रंप ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक छोटे से वीडियो में कहा, "मुझे लगता है कि मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन हम यह सुनिश्चित करने जा रहे हैं कि चीजें काम करें।"
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव कायले मैकनेनी ने कहा कि एहतियात के तौर पर ट्रंप अगले कुछ दिनों के लिए अस्पताल में एक विशेष प्रेसिडेंशियल सूट में काम करेंगे, जो उन्हें अपने आधिकारिक कर्तव्यों को निभाने के लिए सुविधाओं से लैस है।
राष्ट्रपति चुनाव से ठीक एक महीने पहले, ट्रंप ने शुक्रवार दोपहर 1 बजे के बाद ट्वीट करके यह खुलासा किया था कि वो कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले वे गुरुवार की दोपहर एक राजनीतिक चंदा इकट्ठा करने के कार्यक्रम से लौटे थे।
इस कार्यक्रम में मौजूद भीड़ को उन्होंने कुछ नहीं बताया, जबकि वह यह जानते हुए वह कोरोना वायरस से संक्रमित अपने एक सहयोगी के संपर्क में आए थे। इस बीमारी ने अमेरिका में लाखों लोगों को संक्रमित कर दिया है और दुनिया भर में एक लाख से अधिक लोग मारे गए हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि पहली महिला मेलानिया ट्रंप भी कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाई गई हैं। व्हाइट हाउस में कई अन्य लोग भी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद चिंता जाहिर की गई है कि व्हाइट हाउस या यहां तक कि खुद ट्रंप ने वायरस को और फैलाया होगा। ट्रंप ने अपने वीडियो में कहा कि उनकी पत्नी काफी बेहतर हैं।
जबकि राष्ट्रपति को सैन्य अस्पताल ले जाया गया, वहीं उनकी पत्नी व्हाइट हाउस में ही हैं।