दुनियाभर के लोग कोरोना वायरस संकट से जूझ रहे हैं। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, पूरी दुनिया में कोरोना से चार लाख 32 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 78 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि 40 लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। वहीं, दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में कोरोना से एक लाख 17 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 21 लाख 42 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स...
पुर्तगाल को छोड़कर स्पेन 21 जून से यूरोपीय संघ के लिए फिर से खोलेगा बॉर्डर
स्पेन ने कहा है कि वह पुर्तगाल को छोड़कर यूरोपीय संघ के लिए अपनी सीमाएं 21 जून से फिर से खोलेगा। वहीं, पुर्तगाल के बॉर्डर एक जुलाई से खोले जाएंगे।
नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 425 नए मामले
नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 425 नए मामले सामने आए। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5760 हो गई है। वहीं, कोरोना के कारण देश में अब तक 19 लोगों की जान गई हैः स्वास्थ्य मंत्रालय,नेपाल
पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 6825 नए मामले सामने आए
पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 6,825 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद देश में संक्रमित मरीजों की संख्या 1,39,230 हो गई है।
पिछले 24 घंटे में 81 मरीजों की मौत भी हुई है। जिसके बाद मृतकों की संख्या 2,632 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी रविवार को दी।
विज्ञापन
संयुक्त राष्ट्र में 31 जुलाई तक घर से काम करने की व्यवस्था लागू रहेगी
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और सामाजिक दूरी के नियमों के पालन के मद्देनजर वैश्विक संगठन के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में मौजूदा घर से काम करने की व्यवस्था 31 जुलाई तक लागू रहेगी।
उन्होंने कहा कि राजनयिकों, कर्मियों और पत्रकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र परिसरों को चार चरणों में खोला जाएगा।
गुटेरेस ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र कर्मियों को लिखे एक पत्र में कहा कि 'वरिष्ठ प्रबंधन से विचार-विमर्श करने और कोरोना वायरस संकट में चिकित्सकीय सेवाओं को ध्यान में रखते हुए, मैंने मुख्यालय परिसर में मौजूदा घर से काम करने की व्यवस्था 31 जुलाई, 2020 तक बनाए रखने का फैसला किया है।'
चीन में 66 नए मामले सामने आए
चीन के वुहान शहर से फैली कोरोना वायरस वैश्विक महामारी को नियंत्रण करने के बाद से यहां पहली बार सबसे अधिक 66 नए मामले सामने आए हैं।
इसके बाद अधिकारी राजधानी बीजिंग में कोविड-19 पर लगाम लगाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 57 नए मामले सामने आए जिनमें से 38 मामले स्थानीय संक्रमण के हैं।
उसने बताया कि शनिवार को नौ बिना लक्षण वाले मरीज भी सामने आए। अभी बिना लक्षण वाले 103 मरीज पृथक रह रहे हैं।
गवर्नर फिल मर्फी ने एक ट्वीट में जानकारी दी है कि न्यू जर्सी में कोरोना के 529 नए मामले सामन आए हैं। इसके साथ ही शनिवार को कोरोना की वजह से 103 लोगों की मौत हुई है।
न्यू जर्सी में कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख 66 हजार से ज्यादा हो गई है और अब तक 12 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
अल साल्वाडोर में 16 जून से हट सकता है लॉकडाउन
अल साल्वाडोर की सरकार के वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 16 जून से लॉकडाउन हटाए जाने पर सहमति बनी है।
अमेरिका में बढ़े मामले
वर्ल्डोमीटर के मुताबिक अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 21 लाख से ज्यादा हो गई है।
अमेरिका : फिर लग सकता है प्रतिबंध
अमेरिका में बढ़ते मामलों को देखते हुए एक बार फिर से प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अफसर जे बटलर ने बताया कि अगर कोरोना के मामले इसी तरह बढ़ते रहे तो उसको रोकने के वही उपाय किए जा सकते हैं जो मार्च में किए गए थे। हम अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे, लेकिन विकल्प खुले हैं।
चीन : 11 आवासीय एस्टेट में दोबारा लॉकडाउन
चीन की राजधानी बीजिंग के दक्षिणी प्रांत में कोरोना वायरस के नए मामलों को देखते हुए 11 आवासीय एस्टेट में दोबारा लॉकडाउन शुरू कर दिया गया है।
बीजिंग के इस जिले को युद्धकाल आपातकाल के रूप में रखा गया है।