अमेरिका में कम हो रहे संक्रमण के मामले
अमेरिका में बीते एक दिन में तीन लाख 37 हजार 884 नए मामले आए, इनके अलावा देश में कुल 6.58 करोड़ कुल संक्रमित सामने आ चुके हैं, जिनमें से 8.5 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में फिलहाल 1.44 लाख से ज्यादा लोग कोविड संक्रमण की वजह से अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से करीब 25 हजार की स्थिति गंभीर है।
फ्रांस और ब्रिटेन में घटने लगा संक्रमण
यूरोप में कोविड संक्रमण के केंद्र बने फ्रांस और ब्रिटेन में भी बीते दो-तीन दिन की तुलना में संक्रमण के कम मामले सामने आए। बीते एक दिन में फ्रांस में जहां दो लाख 78 हजार 129 नए संक्रमित मिले हैं, वहीं ब्रिटेन में इस दौरान 70,160 नए मामले मिले हैं। जबकि, इससे पहले चार जनवरी को ब्रिटेन में नए मामले 2.18 लाख आए थे, वहीं फ्रांस में 11 जनवरी को 3.59 लाख मामले आए थे।
कराची में 40 फीसदी पहुंची संक्रमण दर
पाकिस्तान में कोविड संक्रमण भयावह हो चला है। बीते एक दिन में कराची में कोविड संक्रमण दर बढ़कर 40 फीसदी के करीब पहुंच गई। वहीं, पूरे पाकिस्तान में यह करीब 8.7 फीसदी है। पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को पाकिस्तान में कोविड संक्रमण के 4,340 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि कराची में संक्रमण दर 39.39 फीसदी पहुंच गई है। इसके अलावा इनमें से 95 फीसदी मामले ओमिक्रॉन वैरिएंट के हैं।
कराची में 500 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी कोविड संक्रमित हो चुके हैं, जिसकी वजह से इलाज भी प्रभावित हो रहा है। चिकित्साकर्मियों की तरफ से बार-बार हालात के बारे में आगाह करने के बाद भी प्रशासन की तरफ से कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। पाकिस्तान में अब-तक कोविड संक्रमण के 13 लाख मामल दर्ज किए गए हैं, जबकि 29,019 मौत हुई हैं। हालांकि, पाकिस्तान में कम मामलों के पीछे कम जांच और औपचारिक स्वास्थ्य ढांचे की कमी है, जबकि संक्रमितों की वास्तविक संख्या व इससे होने वाली मौतें कई गुना ज्यादा हो सकती हैं।