चीन में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। अब तक इसने चीन में हजारों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है और करीब 1355 लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। चिंता की सबसे बड़ी बात ये है जानलेवा वायरस धीरे-धीरे विश्व के अन्य देशों में भी फैल रहा है। तमाम सावधानियों के बाद हर रोज कोई न कोई नया मामला सामने आ रहा है। इससे जुड़े हर अपडेट आपको बता रहे हैं।
चीन
- गुरुवार को चीन ने हुबेई में कम्युनिस्ट पार्टी के बड़े नेता को बर्खास्त कर दिया। उनपर मामले को सही तरह से नहीं संभालने का आरोप लगा है। बुधवार को ही कोरोना वायरस ने 242 लोगों की जान ले ली। वायरस फैलने के बाद से एक दिन में ये मौत का अबतक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां मौत का आंकड़ा 1355 पहुंच चुका है।
- हुबेई राज्य की राजधानी वुहान में कोविड -19 ( COVID-19) की चपेट में 14,800 नए लोग आ गए हैं। पीड़ितों की पहचान के लिए अपनाए गए नए तरीके के बाद ये नया आंकड़ा सामने आया है। बता दें कि इस वायरस को हाल ही में ये नाम दिया गया है।
- पूरे चीन में कोरोना से प्रभावित लोगों की संख्या 60 हजार के पार जा चुकी है।
- करीब 25 देशों ने इस बात की पुष्टि की है कि उनके यहां कोरोना वायरस के केस मिले हैं। कई देशों ने हुबेई से अपने नागरिकों को निकाला है।
- चीन के बाहर दो मौतों की पुष्टि हुई है। एक हांगकांग में और एक फिलीपींस में।
- विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी दी है कि कोरोना वायरस दुनिया के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकता है। किसी भी आतंकी हमले से ज्यादा घातक साबित हो सकता है।