कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की तादाद के मामले में रुख अब बदल गया है। अभी तक संक्रमण के मामले चीन में सबसे अधिक बने हुए थे लेकिन अब तस्वीर पलट गई है। संक्रमण के मामले चीन में सोमवार तक 80,879 थे लेकिन चीन के अलावा दूसरे देशों के सभी संक्रमित लोगों की संख्या 90 हजार पहुंच गई है। ऐसा पहली बार हुआ है जबकि संक्रमित लोग चीन से बाहर अधिक हो गए हैं।
चीन के पीपुल्स बैंक ऑफ चायना ने सोमवार को ऐलान किया कि वह देश की वित्तीय प्रणाली में 100 अरब येन की धनराशि डालेगा। यह कदम देश की पटरी से उतर चुकी अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए उठाया जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार को घोषणा की गई थी कि बैंक अब कम नकदी रख सकेंगे। आंकड़ों से पता चलता है कि चीन की अर्थव्यवस्था को कोरोना ने खासा नुकसान पहुंचाया है। जनवरी-फरवरी में देश का खुदरा व्यापार 20 प्रतिशत तक गिर गया था।
ईरान के शीर्ष धार्मिक नेता अयातुल्लाह हाशिम बाथाई की कोरोना की चपेट में आने से मौत हो गई है। राज्य की न्यूज एजेंसी इरना ने सोमवार को यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि वह उच्च कोटि के धार्मिक विद्वान थे और उन्हें विशेषज्ञों के 88 सदस्यीय दल में शामिल किया गया था। वह ईरान के सर्वोच्च नेता की परिषद में शामिल थे। उन्हें कोम राज्य में शनिवार को भर्ती कराया गया था। गौरतलब है कि ईरान में कई शीर्ष नेता कोरोना की चपेट मे हैं।