श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने जापान में योकोहामा तट के पास एक जहाज पर सवार श्रीलंका के दो नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार को भारत को शुक्रिया कहा है।
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने जापान में योकोहामा तट के पास एक जहाज पर सवार श्रीलंका के दो नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए बृहस्पतिवार को भारत को शुक्रिया कहा है।
एयर इंडिया के एक विमान से बृहस्पतिवार को 119 भारतीयों को वापस लाया गया। भारतीय नागरिकों के साथ जिन विदेशियों को वहां से वापस लाया गया उनमें श्रीलंका के दो और नेपाल, दक्षिण अफ्रीका तथा पेरू का एक-एक नागरिक शामिल है। बयान में कहा गया है, 'प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी), भारत सरकार को आभार कि उन्होंने नागरिकों को सुरक्षित निकाला।'
पाकिस्तान ने ईरान जाने वाले विमानों को रद्द किया
पाकिस्तान ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने ईरान जाने वाले सभी विमानों की उड़ानों को रद्द कर दिया है। बताया गया है कि हाल ही में ईरान से लौटे सैकड़ों लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें दो लोग कोरोनावायरस से पीड़ित पाए गए। इसके बाद सरकार ने यह कदम उठाया है।
उड्डयन मंत्रालय के संयुक्त सचिव अब्दुल सत्तार खोकार ने कहा कि एविएशन डिवीजन ने पाकिस्तान और ईरान के बीच 27 और 28 फरवरी की मध्यरात्रि से लेकर अगली सूचना तक सभी सीधी उड़ानों को बंद करने का फैसला किया है।
दक्षिण कोरिया में कोरोनावायरस के 1,766 मामले सामने आए
दक्षिण कोरिया में कोरोनावायरस के 171 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर गुरुवार को 1,766 हो गई। देश के रोग नियंत्रण एवं बचाव केंद्र ने बताया कि दक्षिण पूर्वी शहर दाएगू में इसके 115 नए मामले सामने आए हैं, जहां इसके अभी कुल 1,100 मामले सामने आ चुके हैं। देश में अभी तक इससे 13 लोगों की जान भी जा चुकी है।
इस बीच, अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेना ने अपने आगामी संयुक्त अभ्यास को गुरुवार को स्थगित कर दिया। ‘कम्बाइंड फोर्सेज कमांड’ ने कहा कि वायरस को लेकर सियोल के बेहद गंभीर स्तर का अलर्ट घोषित करने के बाद यह निर्णय किया गया। उसने कहा कि अगला नोटिस जारी किए जाने तक इसे स्थगित किया जाता है।
सऊदी अरब ने अपने यहां कोरोनावायरस के प्रसार पर रोक लगाने के लिए धार्मिक यात्राओं पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक इसके तहत मक्का, मदीना में हजरत मोहम्मद की कब्र पर जाने पर भी रोक लगाई गई है।
छह महाद्वीपों पर पहुंचा कोरोनावायरस
कोरोनावायरस के कदम अब धरती के सभी आवासीय महाद्वीपों पर पहुंच गए हैं। एशिया महाद्वीप से प्रकोप शुरू करने वाले इस वायरस ने बुधवार को अब तक अछूते रहे अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के देशों में दस्तक दे दी। अफ्रीका के अल्जीरिया और दक्षिण अमेरिका के ब्राजील में एक एक मामला सामने आया है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप, उत्तर अमेरिका में इसके मामले सामने आ चुके हैं। सर्वाधिक पीड़ित एशिया महाद्वीप है और इसके बाद यूरोप दूसरे पायदान पर है।
कोरोना को लेकर अभी तक कोई खास कदम नहीं उठाने वाले अमेरिका ने अब आखिरकार मोर्चा खोल दिया है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने देशवासियों को अलर्ट करते हुए कहा कि अमेरिका में कोरोनावायरस के फैलने की आशंका है और इससे निपटने के लिए तैयारियां शुरू करनी होंगी। इससे पहले अमेरिका की कोशिश देश में कोरोनावायरस के प्रवेश को रोकने की ही थी पर इस ताजा एलान से साफ हो गया है कि उसके रुख में बदलाव आया है।
सीडीसी प्रमुख डॉ. नैंसी मेस्सोनियर ने यहां कहा कि दूसरे देशों में कोरोना के मामलों ने हमारी चिंताएं बढ़ा दी हैं। अब देखना यह है कि कोरोना यहां कब पहुंचा और कितना फैलता है। इसलिए कारोबारियों, स्कूलों और परिवारों को इस बात पर विचार शुरू कर देना चाहिए कि इस वायरस के उन तक पहुंचने का संभावित असर क्या होगा।
सैन फ्रांसिस्को ने कोरोनावायरस को लेकर लोकल इमरजेंसी का एलान कर दिया है। मेयर लंदन ब्रीड ने एक बयान में कहा कि यह कदम कोरोना से निपटने की तैयारियों में तेजी और लोगों में जागरूकता का स्तर बढ़ाने के लिए उठाया गया है। हालांकि यहां कोई भी व्यक्ति इस रोग से संक्रमित नहीं मिला है। उधर दक्षिण कोरिया में बने अमेरिकी सैन्य अड्डे के एक अमेरिकी सैनिक कोरोना से संक्रमित पाया गया है।
चीन में कोरोना से जुड़े अपराधों के लेकर ही 4,260 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। प्रशासन ने कोरोना से संबंधित करीब 22 हजार आपराधिक मामलों की जांच की है पर अपराधों का ब्योरा नहीं दिया। चीन ने हाल ही में कानून बनाया था कि अगर कोई कोरोना नियंत्रण में बाधा पहुंचाता है तो उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।