कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर कई देशों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ब्रिटेन में रोजाना के नए मामले पहली बार 1 लाख के पार हो गए हैं। इसे देखते हुए ब्रिटिश नियामकों ने 5 से 11 साल के बच्चों में टीकाकरण के लिए फाइजर के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। उधर, अमेरिकी स्वास्थ्य नियामकों ने कोविड-19 रोधी फाइजर की गोली मंजूरी दे दी है जिसे राष्ट्रपति जो बाइडन ने बड़ा कदम बताया है।
ब्रिटेन : एक लाख से अधिक मामले
ब्रिटेन में पिछले सप्ताह कोरोना के अधिकतम केस 93,045 थे जो पिछले 24 घंटे में बढ़कर 1,06,122 हो गए हैं। कोरोना की पिछली लहर में ब्रिटेन में एक दिन में अधिकतम मामले 68,000 पहुंचे थे। इस कारण देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर भी चिंता है। ब्रिटिश नियामकों ने 12 साल से कम उम्र के बच्चों को टीका लगाने का फैसला ऐसे वक्त में लिया है जब वहां की सरकार ने संक्रमितों के लिए जरूरी पृथक वास की अवधि 10 दिन से घटाकर 7 दिन कर दी है।
डेल्टा से कम घातक है ओमिक्रॉन
कोरोना का ओमिक्रॉन स्वरूप उसके डेल्टा स्वरूप की तुलना में कम घातक यह है। यह बात ब्रिटेन की सरकार ने अपनी स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) की ओर से गुरुवार को जारी नए विश्लेषण के आधार पर कही है। एजेंसी के अनुसार ओमिक्रॉन संक्रमण वाले लोगों में गंभीर लक्षण विकसित होने की संभावना काफी कम होती है।
एजेंसी ने कहा है कि शुरुआती नतीजे बताते हैं कि डेल्टा के बजाय ओमिक्रॉन से संक्रमित होने वाले लोगों को अतिरिक्त देखभाल की 30 से 45 फीसदी तक जरूरत कम पड़ती है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की संभावना भी 50 से 70 प्रतिशत तक कम होती है। निष्कर्ष यह भी दिखाते हैं कि कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज का प्रभाव 10 सप्ताह के बाद कम हो जाता है, लेकिन इसके बाद भी विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि टीका ही इसके खिलाफ सबसे अच्छा बचाव का उपाय है।
यूकेएचएसए की मुख्य कार्यकारी डॉ. जेनी हैरिस ने कहा कि ओमिक्रॉन तेजी से फैल रहा है और कोविड-19 वैक्सीन इसके खिलाफ हमारा सुरक्षा कवच है। एजेंसी का विश्लेषण नवंबर की शुरुआत से यूके में ओमिक्रॉन और डेल्टा के सभी मामलों पर आधारित है, इस दौरान 132 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ओमिक्रॉन की चपेट में आने के बाद 28 दिनों के भीतर 14 लोगों की मौत हुई।
ऑस्ट्रेलिया : संक्रमण बढ़ने के साथ सख्त उपाय लागू
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना वायरस और इसके ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं। इसे देखते हुए देश में एक बार फिर सख्त उपाय लागू किए जा रहे हैं। न्यू साउथ वेल्स राज्य सबसे ज्यादा पीड़ित है जहां मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। राज्य में ओमिक्रॉन से एक मौत और पिछले 24 घंटों में 5,715 मामले दर्ज किए गए। इसी तरह विक्टोरिया राज्य में भी ओमिक्रॉन से अब तक 10 मौतों की सूचना है।
इटली में कड़े प्रतिबंघ लागू
इटली कोरोना मामले बढ़ रहे हैं, इन पर लगाम लगाने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। इटली सरकार ने सभी सार्वजनिक जगह नए साल की पूर्व संध्या पर प्रतिबंध लगा दिया है और मास्क पहनना फिर से अनिवार्य कर दिया है।