कोरोना वायरस का पहला मामला चीन के वुहान में सामने आया था, इसके बाद संक्रमण ने जो कहर बरपाया वह पूरी दुनिया ने देखा। अब फिर से चीन के कुछ शहर कोरोना की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा कोरोना के मामले चीन के आर्थिक केंद्र शंघाई में हैं यहां की स्थिति बेहद खराब है और सरकार ने शहर में लॉकडाउन 26 अप्रैल तक बढ़ा दिया है इस कारण आम लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
लोगों का फूट रहा गुस्सा
2.6 करोड़ की आबादी वाले शंघाई में कोरोना की मौजूदा लहर के दौरान मृतक संख्या बढ़कर 30 से ऊपर हो गई है। शुक्रवार को 12 कोरोना पीड़ितों की मौत हो गई थी। वहीं सरकार ने इंटरनेट पर पाबंदी लगाई हैं। इससे लोगों के बीच सरकार के लिए और ज्यादा गुस्सा फूट रहा है।
वीडियो बना कर लोग परेशानी बता रहे
हालांकि चीनी अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक नए मामले में कमी नहीं आएगी तबतक कोई छूट नहीं दी जाएगी। चीनी में लॉकडाउन का सामना कर रहे लोग घर में रहकर ही वीडियो बना कर सरकार ने अपनी परेशानी बयां कर रहे हैं लेकिन उनके वीडियो को इंटरनेट से हटा दिया जा रहा है।
शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, शहर में संक्रमण के 20,634 नए मामले आए जो एक दिन पहले आए मामलों से 4.7 फीसदी ज्यादा है। कुल लक्षण वाले मामलों की संख्या 21 अप्रैल को 2736 तक पहुंच गई है। एक मार्च के बाद से शहर में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या साढ़े चार लाख से ऊपर पहुंच गई है।
बीजिंग में बढ़ी सतर्कता
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को बीजिंग में एक स्कूल के 10 छात्रों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अधिकारियों ने यहां सतर्कता बढ़ा दी है। इसके बाद चीनी अधिकारियों ने चीन की राजधानी में एक हफ्ते के लिए स्कूल की कक्षाएं निलंबित कर दी हैं।