संयुक्त अरब अमीरात (यूएई ) और ओमान में आए तूफान से रिकॉर्ड बारिश हुई। जिसके बाद वहां हालात बद से बदतर हो गए हैं। पूरे शहर में पानी भरा है।यातायात ठप हो गया और लोग अपने घरों में फंस गए। इतना ही नहीं, दुबई से दिल्लीआने-जाने वाली कम से कम 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस बीच, दुबई में भारत के वाणिज्य दूतावास ने दुबई और उत्तरी अमीरात में रहने वाले भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर और दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में भारत के वाणिज्य दूतावास ने बताया कि वहां रहने वाले भारतीय मौसम संबंधी आपात स्थितियों के लिए +971501205172, +971569950590, +971507347676, और +971585754213 संपर्क कर सकते हैं। वाणिज्य दूतावास ने यह भी कहा कि वह फंसे हुए यात्रियों की सुविधा के लिए यूएई अधिकारियों और एयरलाइंस के संपर्क में है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बतायाकि एयरलाइनों से नियमित अपडेट यात्रियों को दिए जा रहे हैं। इसके अलावा भारतीय सामुदायिक संगठनों के सहयोग से राहत उपाय भी किए जा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने बताया कि हमने भारत में फंसे यात्रियों और उनके परिवारों के बीच संपर्क की सुविधा प्रदान की है। हेल्पलाइन नंबर स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेंगे। हम दुबई और उत्तरी अमीरात में रहने वाले या यात्रा करने वाले भारतीय समुदाय की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।