फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्सप्लेनर: बांग्लादेश के हाल दिखा चीनी व्लॉगर्स कैसे रच रहे भारत की बदनामी की साजिश; क्या है तरीका, वजह क्या?

Tue, 10 Nov 2026 05:08 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

बांग्लादेश की बस्तियों में चीनी व्लॉगर्स का उपद्रव: भारतीय उत्पादों का इस्तेमाल, निजता का हनन और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने के पीछे का क्या है पूरा भू-राजनीतिक सच। आइये जानते हैं...
विज्ञापन
चीन के व्लॉगरों का भारत को बदनाम करने का तरीका। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश में इस वक्त चीन के वीडियो ब्लॉगर्स, जिन्हें व्लॉगर्स भी कहा जाता है, ने आम लोगों के जीवन में उथल-पुथल मचा दी है। खासकर ढाका की सड़कों पर हर दिन इन चीनी व्लॉगर्स की मनमानी के किस्से सोशल मीडिया पर साझा हो रहे हैं। अब एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि यह व्लॉगर्स न सिर्फ बांग्लादेश के लोगों की निजता को भंग करने में जुटे थे, बल्कि ढाका के खराब हालात को दिल्ली का बताकर भारत को बदनाम करने की कोशिश में भी जुटे थे। 
विज्ञापन


यह खुलासा हुआ है बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो की रिपोर्ट से। इसमें चीन में बोली जाने वाली भाषाएं मैंडेरिन और कैंटोनीज जानने वालों से मिली जानकारी के आधार पर बताया गया है कि चीनी व्लॉगर्स किस तरह बांग्लादेश की गलियों में घूम घूमकर वहां की गंदी जगहों की शूटिंग कर रहे हैं और इन जगहों को भारत की राजधानी दिल्ली का दर्शाने की कोशिश कर रहे थे। इस खुलासे के बाद से ही बांग्लादेश से लेकर भारत तक चीन की मंशाओं पर सवाल उठने लगे हैं। 
Trending Videos

ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर चीन के कितने व्लॉगर्स बांग्लादेश में मौजूद हैं? बांग्लादेश में इन व्लॉगर्स के काम का तरीका क्या होता है? कैसे यह चीनी पर्यटक बांग्लादेश में नियमों को तोड़ते हुए वहां की जनता की परेशानी का सबब बन रहे हैं? यह व्लॉगर्स भारत को कैसे बदनाम कर रहे हैं और इसके पीछे की साजिश क्या है? क्या चीन की तरफ से पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया गया है? आइये जानते हैं...


पहले जानें- चीन के कितने व्लॉगर्स बांग्लादेश में मौजूद?

बांग्लादेश की राजधानी ढाका से प्रकाशित होने वाले अखबार प्रोथोम आलो की रिपोर्ट में चीन के व्लॉगर्स को लेकर कई खुलासे किए गए हैं। इसके अलावा कुछ स्थानीय रिपोर्ट्स में भी बांग्लादेश में मौजूद चीनी व्लॉगर्स के आंकड़े रखे गए हैं। 

  • स्थानीय निवासियों का अनुमान है कि उत्तरी ढाका के उत्तरा (सेक्टर 12) और उससे सटे टेकपारा इलाके की गलियों में 150 से अधिक चीनी नागरिक/व्लॉगर्स इस तरह के वीडियो और लाइव स्ट्रीमिंग में शामिल हैं।
  • कुछ और स्थानीय रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बांग्लादेश में करीब पांच हजार ऐसे चीनी नागरिक मौजूद हैं, जो कि वीडियो ब्लॉगिंग के काम से जुड़े हैं। यह लोग व्लॉगिंग के अलावा अन्य रोजगारों में भी शामिल हैं।
  • इसके अलावा बांग्लादेश में बुनियादी ढांचे, व्यापार और इंजीनियरिंग परियोजनाओं से जुड़े हजारों चीनी नागरिक रहते और काम करते हैं। हालांकि, व्लॉगिंग से जुड़े लोगों का आधिकारिक प्रशासनिक रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।

ये भी पढ़ें: भारत को बदनाम करने की साजिश रच रहा चीन?: रिपोर्ट में दावा- ढाका को दिल्ली बता रहे चीनी व्लॉगर्स; उठ रहे सवाल


बांग्लादेश में इन व्लॉगर्स के काम का तरीका क्या होता है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश के ढाका के उत्तरा और टेकपारा इलाके में सक्रिय चीनी व्लॉगर्स के काम करने का तरीका काफी संगठित, आक्रामक और खास रहा है।

  • ये व्लॉगर्स आमतौर पर हाथ में दो स्मार्टफोन, अधिकतर- आईफोन लेकर घूमते हैं। घंटों चलने वाली लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान फोन गर्म न हों, इसके लिए वे मोबाइलों के पीछे कूलिंग फैन लगाकर रखते हैं। 
  • एक फोन पर लाइव प्रसारण चलता है, जबकि दूसरे फोन पर ट्रांसलेशन, कमेंट्स या नोट्स होते हैं। इनकी स्ट्रीमिंग सुबह से लेकर देर रात 10–11 बजे तक तक लगातार चलती है।
  • ये व्लॉगर्स ढाका की घनी आबादी, नहर किनारे की झुग्गी-बस्तियों और तंग गलियों को चुनते हैं और वहां से चीन की भाषाओं में ही लाइव स्ट्रीमिंग करते हैं, जिससे स्थानीय लोग अनभिज्ञ रहते हैं।
  • चीनी व्लॉगर्स स्थानीय बांग्लादेशी महिलाओं को दिनभर साथ रखने और भाषा में थोड़ी-बहुत मदद के लिए गाइड के रूप में रखते हैं, जिन्हें वे 500 से 1,000 टका प्रतिदिन का भुगतान करते हैं।

बांग्लादेश में चीनी व्लॉगर्स का केंद्र बना टेकपारा। - फोटो : अमर उजाला

कैसे यह चीनी व्लॉगर्स बांग्लादेश में जनता की परेशानी का सबब बन रहे हैं? 

ढाका के उत्तरा और टेकपारा जैसे इलाकों में इन चीनी नागरिकों की ओर से स्थानीय नियमों, सामाजिक मर्यादाओं और लोगों की निजता का उल्लंघन करने के कारण स्थानीय जनता में भारी आक्रोश रहा है। 

घरों और निजी जगहों में बिना अनुमति घुस आते हैं चीनी व्लॉगर्स
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये व्लॉगर्स बिना किसी अनुमति के लोगों के निजी घरों, रसोइयों और यहां तक कि नहाने की जगहों (बाथरूम) में कैमरे लेकर घुस जाते हैं। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि वे घरों में हमेशा पूरी तरह से तैयार नहीं होती हैं, और ऐसे में अचानक किसी का कैमरा लेकर अंदर आ जाना उनकी निजता का गंभीर हनन है।

सुबह से रात तक लगातार उपद्रव
ये व्लॉगर्स सुबह लोगों के सोकर उठने से पहले ही व्लॉगिंग शुरू कर देते हैं और देर रात गलियों में लाइव स्ट्रीमिंग करते रहते हैं। रोजमर्रा के इस लगातार जमावड़े और रिकॉर्डिंग से इलाके के आम निवासियों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। 

स्थानीय लोगों को धौंस और अंग्रेजी न जानने का बहाना
जब स्थानीय लोग या पत्रकार इनसे सवाल करते हैं, तो वे चीनी भाषा न समझने की आड़ लेते हैं, मुस्कुराकर केवल सॉरी बोलते हैं और थोड़ी देर बाद फिर वापस आ जाते हैं। एक मामले में तो एक व्लॉगर के साथी ने स्थानीय लोगों से यहां तक कह दिया कि उनके बॉस के पास बहुत पैसा और रसूख है और वे इस देश में कुछ भी कर सकते हैं।

इतना ही नहीं जब पत्रकार या स्थानीय लोग उनसे सवाल करते हैं, तो वे बात करने से बचते हैं, 'नो इंग्लिश' कहकर चले जाते हैं या दावा करते हैं कि वे केवल अपने बॉस के लिए काम कर रहे हैं या यह केवल प्रोडक्ट प्रमोशन है।

रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार हो रही अनधिकृत रिकॉर्डिंग और घरों में घुसने के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी रहती है; स्थानीय लोगों के साथ कई बार कहासुनी और मारपीट तक की नौबत आ चुकी है।

बांग्लादेश में मौजूद यह चीनी व्लॉगर्स भारत को कैसे बदनाम कर रहे हैं?

बांग्लादेश के ढाका में मौजूद चीनी व्लॉगर्स भले ही यहां के उत्तरा और टेकपारा क्षेत्र की स्थिति वाले वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं, लेकिन इन्हें स्ट्रीमिंग में भारत का दिखाकर प्रसारित किया जा रहा है। प्रोथोम आलो की रिपोर्ट में चीनी पर्यटकों के तरीकों के बारे में भी बताया गया है। 

ढाका की बस्तियों को 'नई दिल्ली' बताकर हो रही स्ट्रीमिंग
चीन के व्लॉगर्स ढाका के पिछड़े, घने और नहर किनारे बसे झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में लाइव स्ट्रीमिंग करते हैं, लेकिन चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, जैसे- वीचैट, डोउयिन आदि पर चीनी भाषा में दर्शकों को झूठा दावा करते हैं कि वे भारत की राजधानी नई दिल्ली से लाइव दिखा रहे हैं। चूंकि आसपास के लोग चीनी नहीं समझते इसलिए वे भी इन बातों पर आपत्ति नहीं जता पाते।

ढाका को दिखाकर भारत में गरीबी-अस्वच्छता का दावा
वीडियो में वे इन बस्तियों को बेहद गंदा, अविकसित, कीचड़ से भरी और खराब स्वास्थ्य व्यवस्था वाली बताते हैं और यह दावा करते हैं कि यह भारतीयों का सामान्य जीवन स्तर है। प्रोथोम आलो ने गूगल ट्रांसलेट और बांग्लादेशी अनुवादकों के माध्यम से रिपोर्ट किया कि ढाका को दिखाते हुए एक चीनी व्लॉगर- मियानमियान ने लाइव स्ट्रीमिंग में कहा, "यह नई दिल्ली है, यहां के घर बेहद गंदे हैं, टीन की छतों के नीचे पंखे तक नहीं हैं, और यहां कानून-व्यवस्था बेहद खराब है।"

भारत के खिलाफ अपमानजनक और भ्रामक टिप्पणियां 
ये चीनी व्लॉगर भारतीय जीवनशैली, खान-पान और स्वच्छता की आदतों को अपमानजनक रूप में पेश करते हैं। चीन की एक व्लॉगर- वांग वेई ढाका में चाय की दुकान पर लोगों को दिखाते हुए चीनी दर्शकों से दावा किया कि भारतीय लोग गाय के मूत्र और नदी के गंदे पानी से बनी चाय पीते हैं। इसके अलावा, वे यह भी भ्रामक जानकारी  देते हैं कि भारत में लोग किस तरह शौचालय का उपयोग करते हैं।

भारत के सामान दिखाकर भ्रम फैलाने की कोशिश भी
अपने फर्जीवाड़े को सच साबित करने के लिए वे भारत में बिकने वाले उत्पादों, जैसे- शैम्पू, साबुन और 'केश किंग' तेल को स्थानीय फार्मेसियों में ले जाकर लाइव शूट करते हैं। इसके बदले दुकानदारों को 500 टका देते हैं। 

कुछ महिला व्लॉगर्स यह झूठी कहानी भी गढ़ती हैं कि उन्होंने भारत में शादी की है और वे अपने परिवारों के साथ वहीं रह रही हैं। कई वीडियो में चीनी व्लॉगर्स खुद को स्थानीय लोगों के एक मददगार मसीहा के तौर पर दिखाते हैं।


क्यों बांग्लादेश में वीडियो बनाकर भारत को बदनाम करने की साजिश रच रहे चीनी?

1. चीनी मॉडल की श्रेष्ठता दिखाने की कोशिश
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में चीनी मामलों के विशेषज्ञ प्रोफेसर श्रीकांत कोंडापल्ली के मुताबिक, यह अभियान एक सोची-समझी वैचारिक लड़ाई का हिस्सा है। चीन अपने नागरिकों के बीच यह नैरेटिव बनाता रहा है कि कम्युनिस्ट शासन ही गरीबी मिटाने और सम्पन्न समाज के निर्माण का एकमात्र रास्ता है। 

2. भारत से जलन भी एक वजह
प्रोफेसर कोंडापल्ली के मुताबिक, हाल ही में जब संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की रिपोर्ट में यह सामने आया कि भारत ने एक लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अत्यधिक गरीबी को घटाकर लगभग 2% पर ला दिया है, तो इससे चीन के शासन मॉडल की कथित श्रेष्ठता को झटका लगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था की इस सफलता को नकारने और चीनी जनता के बीच भारत की छवि दयनीय दिखाने के लिए यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।

3. आर्थिक और विनिर्माण के मुकाबले में होड़
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और चीन में मौजूद विदेशी कंपनियों व विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) ठिकानों को आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीनी दर्शकों में भारत की कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और जीवन स्तर को जानबूझकर बेहद खराब व पिछड़ा पेश करना एक बड़े दुष्प्रचार का हिस्सा हो सकता है।

4. डिजिटल फेम और ऑनलाइन प्रतिष्ठा

जेएनयू के प्रोफेसर श्रीकांत कोंडापल्ली। - फोटो : अमर उजाला
कई चीनी व्लॉगर्स ने स्वीकार किया है कि वे इन वीडियो के माध्यम से उत्पादों का प्रचार कर रहे हैं और चीनी दर्शकों से व्यूज व मॉनेटाइजेशन के जरिए मोटा पैसा कमा रहे हैं। गरीबी और गंदगी को एक 'तमाशे' की तरह पेश करना चीनी सोशल मीडिया पर भारी व्यूज बटोरने का एक आसान जरिया बन गया है। इतना ही नहीं अपने आप को गरीबों का मददगार दिखाकर वे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ाने की कोशिश भी करते हैं। 

चीनी वीडियो प्लेटफॉर्म्स, जैसे- बिलिबिलि और यूकू के विश्लेषण से पता चला है कि चीनी व्लॉगर्स के कई वीडियो एक तय फॉर्मूले पर आधारित होते हैं। वे वीडियो शीर्षकों में गरीब, गंदा या झुग्गी जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और स्थानीय लोगों की मुफलिसी दिखाकर खुद को एक बड़े मददगार या मसीहा के रूप में पेश करते हैं।


क्या पहले भी कहीं इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं चीन के लोग?

1. इंडोनेशिया, वियतनाम और अन्य देश

प्रोफेसर कोंडापल्ली के मुताबिक, चीनी व्लॉगर्स सिर्फ बांग्लादेश तक ही सीमित नहीं हैं। वे इंडोनेशिया, वियतनाम और अन्य विकासशील देशों में भी जाकर विशेष रूप से आय असमानता और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को चुन-चुनकर रिकॉर्ड करते हैं। इसका मकसद चीनी सोशल मीडिया पर ऑनलाइन प्रतिष्ठा हासिल करना होता है।

चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर दक्षिण एशिया की बेहद दयनीय और अपमानजनक तस्वीर पेश करने वाले इस तरह के वीडियो नवंबर 2024 से लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं।


2. बांग्लादेश में चीनी नागरिकों की पूर्व में सामने आई अवैध गतिविधियां

वैसे तो बस्तियों में व्लॉगिंग करने वालों का पूर्व के किसी आपराधिक गिरोह से सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है, लेकिन बांग्लादेश में पहले भी चीनी नागरिकों के संगठित अपराधों में पकड़े जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं।
विज्ञापन

साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन सट्टेबाजी (मई 2026): ढाका के उत्तरा और तुराग इलाके से 6 चीनी नागरिकों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ये लोग फर्जी निवेश वेबसाइटों, टेलीग्राम ग्रुपों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के सिंडिकेट चलाकर अवैध रूप से धन विदेश भेज रहे थे।

अवैध वीओआईपी नेटवर्क (जनवरी 2026): ढाका के उत्तरा और बसुंधरा आवासीय क्षेत्र से 5 चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 51,000 से अधिक सक्रिय सिम कार्ड और 21 अवैध वीओआईपी गेटवे डिवाइस बरामद हुए थे।

मानव तस्करी (2024–2026): शादी या चीन में अच्छी नौकरी का झूठा झांसा देकर बांग्लादेशी महिलाओं को चीन तस्करी करने के प्रयासों में कई चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

आईफोन की अवैध असेंबलिंग: बिना सीमा शुल्क चुकाए तस्करी के पुर्जों से ढाका में आईफोन असेंबल करके स्थानीय बाजार में बेचने वाले एक नेटवर्क में भी चीनी नागरिक शामिल पाए गए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें