चीन अक्सर अपनी टेक्नोलॉजी को लेकर सुर्खियों में रहता है। इस बार वह फिर चर्चा में है। दरअसल चीन की सेना ने सबसे भरोसेमंद ऑफ-रोड एसयूवी बनाने का दावा किया है। चीनी सेना के दावों की मानें तो उसकी बनाई बीजे 80 नाम की इस गाड़ी का टेस्ट स्कोर जर्मनी की मर्सिडीज की तुलना में 7 गुना ज्यादा हैं।
अबतक जर्मनी की मर्सिडीज बेंज की जी270 दुनिया की सबसे भरोसेमंद एसयूवी मानी जाती थी। जर्मनी की इस गाड़ी का इस्तेमाल चीन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और अमेरिका सहित कई देशों की सेनाएं करती हैं।
पश्चिमी देशों के विशेषज्ञों ने उठाए सवाल
पश्चिमी विशेषज्ञों की मानें तो चीन की सेना ने ही यह गाड़ी बनाई, खुद ही टेस्ट किया और उन्होंने खुद ही इसे स्कोर भी दे दिया। ऐसे में यह कितना भरोसेमंद है यह अभी नहीं कहा जा सकता।
सेना के लिए कौन सी गाड़ी भरोसेमंद है इसका आकलन इस आधार पर होता है कि उसे कितने किलोमीटर चलने के बाद मेंटेनेंस की आवश्यकता पड़ती है। अमेरिकी गाड़ियों में 450 किमी. बाद ही मेंटिनेंस की जरूरत पड़ती है। चीन की मानें तो उसकी बीजे 80 को 7,536 किमी बाद मेंटेनेंस की जरूरत पड़ी जबकि जर्मनी की मर्सिडीज के लिए यह दूरी सिर्फ 1,201 किमी. है। चीनी सेना का दावा है कि बीजे 80 बेहद खराब सड़क पर भी 45 किमी की रफ्तार से चल सकती है। यह रफ्तार मर्सिडीज बेंज की जी 270 की तुलना में 10% ज्यादा है।