अंतरिक्ष से लौटने के बाद चीनी अंतरिक्ष यात्री।
- फोटो : Social Media
चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर 90 दिनों तक निर्माण कार्य पूरा करने के बाद तीन चीनी अंतरिक्ष यात्री शुक्रवार को पृथ्वी पर लौट आए। यह चीनी एस्ट्रोनॉट्स का अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर अब तक का सबसे लंबा मानव मिशन रहा। अंतरिक्ष यात्री नी हाइशेंग, लियू बोमिंग और टैंग होंगबो स्थानीय समयानुसार शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के बाद ‘शेनझोउ-12’ अंतरिक्ष यान के जरिए पृथ्वी पर लौटे।
ये तीनों अंतरिक्ष यात्री गुरुवार सुबह अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना हुए थे। चीन के सरकारी सीसीटीवी ग्रुप ने गोबी रेगिस्तान में अंतरिक्ष यान को उतरते हुए दिखाया। इसके कुछ मिनट बाद, तकनीशियनों का एक दल ‘कैप्सूल’ को खोलता दिखा, जो एकदम ठीक हालत में दिख रहा था।
चीन ने तीन अंतरिक्ष यात्रियों को 17 सितंबर को अपने निर्माणाधीन अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना किया था। वहां, पहुंचने के बाद इन्होंने एक 10-मीटर (33-फुट) का एक ‘मैकेनिकल आर्म’ वहां तैनात किया था और राष्ट्रपति और कम्युनिस्ट पार्टी के नेता शी जिनपिंग के साथ एक वीडियो कॉल पर बात की थी।
जिनपिंग सरकार ने अभी न तो अंतरिक्ष यात्रियों के अगले समूह के नामों की घोषणा की है और न ही ‘शेनझोउ-13’ के प्रक्षेपण की तारीखों का ऐलान किया है। चीन ने 2003 से अभी तक 14 अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजा है। वह पूर्व सोवियत संघ और अमेरिका के बाद ऐसा करने वाला केवल तीसरा देश बन गया है।