दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में नदी की तलहटी में डूबीं 300 साल से भी पुरानी सोने व चांदी की 10,000 से भी अधिक वस्तुएं बरामद हुई हैं। सिचुआन स्थित प्रांतीय सांस्कृतिक अवशेष व पुरातत्व अनुसंधान संस्थान के निदेशक गाओ डालुन ने सोमवार को बताया कि नदी तल से मिली वस्तुओं में सोने, चांदी और कांसे के सिक्के, आभूषण तथा तलवारें, चाकू और भाले जैसे लोहे के हथियार भी शामिल हैं।
पुरातत्वविदों ने बताया कि सोने और चांदी के बर्तनों में बनी आकृतियां अब भी साफ दिखाई दे रही हैं और गहनों पर उभरे हुए पैटर्न उत्कृष्ट शिल्प कौशल के नमूने हैं। माना जाता है कि 1646 में, किसान विद्रोह के नेता झांग जियानजोंग दक्षिण में अपने खजाने को स्थानांतरित करने का प्रयास कर रहे थे, तब उन्हें मिंग राजवंश (1368-1644) के सैनिकों ने पराजित किया था। इस लड़ाई में धन और कीमती सामानों से भरी हुई लगभग 1,000 नावें यहां डूब गईं थीं। पुरातत्वविदों को उम्मीद है कि यहां अभी और अधिक कीमती सामग्री बरामद की जा सकती है।