चीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच व्याप्त तनाव को कम करने के लिए दोनों देशों के संपर्क में है। चीन ने दोनों देशों से कहा है कि वे अपने मतभेदों को सुलझाने को सही कदम उठाएं और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा के लिए मिलकर काम करें।
चीनी विदेश मंत्री के प्रवक्ता जेंग हुआंग ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि भारत और पाकिस्तान के जारी तनाव को देखते हुए चीन दोनों देशों से विभिन्न स्तरों पर संपर्क बनाए हुए है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत व पाकिस्तान आपसी संपर्क को बढ़ाएंगे और अपने मतभेदों को सही तरीके से सुलझा लेंगे। साथ ही वे क्षेत्र में शांति व सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे। उनसे पूछा गया था कि क्या भारत और चीन के बीच इस सप्ताह के आरंभ में हुए आतंकवाद विरोधी संवाद में उड़ी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच व्याप्त तनाव का मुद्दा उठा था।