चीन की आधिकारिक मीडिया ने राज्यसभा में जीएसटी विधेयक के पारित होने को बहुराष्ट्रीय और चीनी कंपनियों से निवेश आकर्षित करने को लेकर भारत के लिए बड़ा प्रोत्साहन बताया है। चीन की आधिकारिक मीडिया ने कहा कि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था की गति तेज हो जाएगी।
सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने एक लेख में कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित कर सुधार योजना चीनी कंपनियों समेत बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बीच भारत के आकर्षण को निश्चित रूप से बढ़ावा दे सकता है क्योंकि देश में पहले बहुत से केंद्रीय, राज्य और अंतरराज्यीय कर मौजूद थे, जिनका बोझ बहुत ज्यादा था।
इन करों ने इन कंपनियों के भारत में क्षमता विस्तार को रोक दिया था। चीन द्वारा इस सुधार को एक खतरे के बजाय एक अवसर के तौर पर देखे जाने की ज्यादा संभावना है। इस सुधार का लक्ष्य भारत को निवेश के लिए एक बेहतर गंतव्य बनाना है। आगे कहा गया कि चीन हो रहे सुधारों को देखकर खुश होगा और इसे हकीकत बनाने के लिए भारत के साथ काम करने की इच्छा जताएगा। चीनी कंपनियां इस कदम का निश्चित रूप से स्वागत कर रही हैं।