चीन ने कहा है कि नेपाल से उसकी घनिष्ठता किसी तीसरे पक्ष को प्रभावित नहीं करेगी। दरअसल, चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंघे ने हाल ही में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और सेनाध्यक्ष जनरल पूर्ण चंद्र थापा से मुलाकात कर द्विपक्षीय मुद्दों और परस्पर हितों पर बातचीत की थी। चीन का कहना है कि कोरोना महामारी के कारण सैन्य सहयोग और प्रशिक्षण प्रभावित हुए थे, जिसे फिर से शुरू करने के लिए भी बातचीत हुई।
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने जनरल वेई के नेपाल दौरे पर मीडियाकर्मियों को बताया कि हमारा सहयोग चीन और नेपाल के लोगों के हित में है। हमारे रिश्ते से किसी तीसरे पक्ष को परेशानी नहीं होगी। अपने दौरे के दौरान चीनी रक्षामंत्री ने ‘एक चीन’ नीति का पूरी तरह पालन करने के लिए नेपाली नेतृत्व की तारीफ की। उसके बदले में नेपाल की संप्रभुता, आजादी और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया।
अवज्ञा कर पुल का उद्घाटन करने वाले नेपाल के विपक्षी नेता गिरफ्तार
नेपाल में विपक्ष के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौडेल को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तनाहुन के एसपी अरुण पौडेल ने बताया कि मुख्य जिला अधिकारी ने 12 बजे दोपहर से 6 बजे शाम तक के लिए निषेधाज्ञा की घोषणा की थी। उसी बीच विपक्षी नेता ने आदेश का उल्लंघन करते हुए एक पुल का उद्घाटन करने पहुंच गए और इसलिए हमें गिरफ्तार करना पड़ा।