चीन की संसद ऐसा कानून बनाने पर विचार कर रही है, जिसके तहत बहुत बुरा व्यवहार या अपराध करने वाले बच्चों के माता-पिता को भी सजा देने का प्रावधान होगा। परिवार शिक्षा संवर्द्धन कानून के मसौदे के अनुसार बहुत बुरा व्यवहार या अपराध करने वाले बच्चों के अभिभावकों को बनने वाले कानून के तहत सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई जाएगी और उन्हें परिवार शिक्षा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भेजा जाएगा। इस प्रोग्राम में उन्हें बच्चों की देखभाल के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। बताया जाएगा कि वे किस तरह से अपने बिगड़े बच्चों को वे सुधार सकते हैं।
परिवार में व्यावहारिक शिक्षा का अभाव
- नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के विधायी मामलों के आयोग के प्रवक्ता जेंग ताइवे के अनुसार, किसी नाबालिग बच्चे के बुरा व्यवहार करने के बहुत से कारण होते हैं। लेकिन सबसे बड़ा कारण परिवार में व्यावहारिक शिक्षा का अभाव होता है। इसी सप्ताह संसद की स्थायी समिति विधेयक के मसौदे की समीक्षा करेगी।
- उसकी स्वीकृति के बाद प्रारूप को विधेयक के रूप में संसद के समक्ष विचार के लिए रखा जाएगा। इसमें बताया जाएगा कि माता-पिता किस तरह से बच्चों के आराम, खेलने और व्यायाम के लिए समय सुनिश्चित करें।