इस रिपोर्ट के मुताबिक अलीबाबा की ऑनलाइन मार्केटिंग एप ताओबाओ ने अभी भी वीचैट के जरिए भुगतान की सुविधा नहीं दी है। लेकिन एक बाजार के सूत्र ने वेबसाइट निक्कई से कहा कि यह महज समय की बात है। अलीबाबा को ये प्लेटफॉर्म भी दूसरी कंपनियों के लिए खोलना पड़ेगा। टेंसेंट और अलीबाबा दोनों कंपनियों ने पिछले 30 सितंबर को एलान किया था कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर सरकारी भुगतान एप यूनियन-पे के जरिए भुगतान की सुविधा शुरू कर रही हैं। उसके बाद दोनों ने एक दूसरे के ऐप को भी स्वीकार करना शुरू कर दिया।
चीन के सरकारी विनियामक (रेगुलेटर) ने कुछ ही दिन पहले बड़ी कंपनियों को चेतावनी दी थी कि बाहरी सेवाओं को रोकना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उद्योग एवं सूचना तकनीक मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ झिंगुओ ने एक प्रेस कांफ्रेंस मे कहा था- बिना उचित कारण के सेवाओं को रोकने का उपभोक्ताओं पर खराब असर पड़ता है। इससे उपभोक्ता अधिकारों को नुकसान पहुंचता है और बाजार में रुकावट खड़ी होती है। झाओ ने कहा था कि अगर स्थिति में स्पष्ट सुधार नहीं हुआ, तो सरकार कानून के तहत कार्रवाई करेगी।
पर्यवेक्षकों का कहना है कि अब नजर इस पर टिकी है कि टेंसेंट कंपनी बाइटडांस कंपनी के साथ कैसा व्यवहार करती है। बाइटडांस लोकप्रिय एप टिकटॉक की मालिक है। टेंसेंट और बाइटडांस दोनों ही वीडियो स्ट्रीमिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां हैं और उनके बीच आपसी होड़ है। टेंसेंट के प्लेटफॉर्म्स पर अभी भी टिकटॉक के चाइनीज संस्करण के लिंक नहीं हैं। चीन में टिकटॉक को दाउयिन कहा जाता है।