मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू सोमवार को अपने पहले राजकीय दौरे पर बीजिंग पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चीन की प्रशंसा करते हुए उसे अपने देश का मूल्यवान और अभिन्न सहयोगी बताया और दोनों देशों के बीच सहयोग की सराहना की।
मुइज्जू को चीन समर्थक माना जाता है। अपनी पांच दिवसीय यात्रा के पहले दिन उन्होंने फुजियान में प्रांतीय अधिकारियों से मुलाकात की। इसके एक दिन पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए तीन मंत्रियों को निलंबित कर दिया था। इन टिप्पणियों के चलते उनके देश का भारत के साथ एख बड़ा कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
हिंद महासागर के द्वीप राष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है। इन पर्यटकों में सर्वाधिक संख्या भारतीयों की है। चीन ने अभी तक उनका आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम जारी नहीं किया है। लेकिन, विदेश मंत्रालय ने यहां पहले कहा था कि वह अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के साथ बातचीत और कई समझौतों पर हस्ताक्षर करने वाले हैं।
माले में राष्ट्रपति मुइज्जू के कार्यालय की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। जिसमें कहा गया है कि मालदीव में परियोजनाओं पर काम करने वाली चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (सीसीसीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुइज्जू ने बैठक की और मालदीव की विकास यात्रा में एक मूल्यवान और अभिन्न सहयोगी के रूप में चीन के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ाने की भी उम्मीद जताई। बाद में उन्होंने सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की फुजियान प्रांत की इकाई के सचिव झोउ जुयी से मुलाकात की। मुइज्जू ने कहा कि मालदीव दोनों देशों के संबंधों को महत्व देता है और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद करता है।
हालांकि, उनकी पहली चीन यात्रा मालदीव के कुछ मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के बाद पैदा हुए एक बड़े कूटनीतिक विवाद से घिर गई है।वांग ने पांच दिसंबर को कहा था,'चीन और मालदीव के बीच संबंध अब एक नए ऐतिहासिक शुरुआती बिंदु पर खड़े हैं। हमारा मानना है कि इस यात्रा के माध्यम से दोनों राष्ट्र प्रमुख द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई तक पहुंचने के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।'
मालदीव के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रपति मुइज्जू की यात्रा के दौरान मालदीव और चीन आधिकारिक वार्ता करेंगे और व्यापार, पेशेवर विकास और सामाजिक आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। बयान में कहा गया है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में सहयोग का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
बयान में कहा गया है कि मुइज्जू दक्षिण-पूर्वी चीनी शहर फुझोऊ में इन्वेस्ट मालदीव फोरम में भी भाग लेंगे और मालदीव और चीन के बीच सामाजिक आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के रास्ते तलाशने के लिए वरिष्ठ चीनी व्यापारिक नेताओं से मुलाकात करेंगे।