संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में अब महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे लाने पर जोर दिया जा रहा है। यही कारण है कि यूएई सरकार ने दुबई व अबूधाबी की पांच बड़ी वित्तीय कंपनियों के निदेशक मंडलों में प्रत्येक में एक-एक महिला को निदेशक बनाने का आदेश दिया है। इन दोनों स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध पांच बड़ी कंपनियों में 84 निदेशक हैं, इनमें से अभी मात्र तीन महिला निदेशक हैं।
यूएई के स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध प्रत्येक कंपनी के निदेशक मंडल यानी बोर्ड में कम से कम एक महिला निदेशक का होना अनिवार्य कर दिया गया है। लैंगिक समानता को लेकर समूचे विश्व में जोर दिया जा रहा है। इसी कारण यूएई ने भी यह निर्णय किया है। देश के प्रतिभूति व वायदा बाजार नियामक ने सोमवार को इस बारे में आदेश जारी किया।
महिलाओं को अब बड़ी भूमिका
दरअसल इस निर्णय का उद्देश्य अमीराती महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। वे कंपनियों के निदेशक मंडल में शामिल होकर अहम भूमिका निभा सकें, इसलिए यह आदेश जारी किया गया है।