पाकिस्तान की मौजूदा प्रथम महिला यानी पीएम इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की मित्र फराह खान की शानो-शौकत के किस्से धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। पाक एक्साइज विभाग के अनुसार फराह व उनके पति के नाम 19 कारें पंजीबद्ध हैं। इनमें दो महंगी पोर्शे कारें भी हैं। विपक्षी दल पीएमएल-एन पहले ही आरोप लगा चुका है फराह खान ने पीएम परिवार से नजदीकी के चलते भारी भ्रष्टाचार किया और करोड़ों रुपये जुटाए हैं।
विज्ञापन
इमरान खान की कुर्सी पर संकट के तुरंत बाद फराह खान दुबई भाग चुकी हैं, जबकि उनके पति अहसान जमील गुर्जर उनसे पहले ही पाकिस्तान छोड़ चुके हैं। इन 19 वाहनों में से दो पोर्शे समेत 12 कारें फराह के नाम पर हैं। शेष सात कारें अहसान जमील के नाम हैं।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार फराह खान को फरहात शहजादी व फराह गुर्जर के नाम से भी जाना जाता है। पाकिस्तान के उत्पाद शुल्क विभाग के पास मौजूद रिकॉर्ड के अनुसार पोर्शे कारें 2013 व 2015 में खरीदी गई थी। विभाग ने इन दोनों कारों के पंजीयन शुल्क के रूप में 1.18 करोड़ रुपये शुल्क वसूला था। फराह खान ने अपने लिए पोर्शे कार बुक करते समय 2019 में 3.60 करोड़ रुपये चुकाए थे।
विज्ञापन
इमरान ने फराह के बंगले पर हुआ था बुशरा से निकाह
खबरों के अनुसार फराह खान बुशरा बीबी की बेहद करीबी मित्र हैं। फराह के बंगले पर ही बुशरा व इमरान का निकाह हुआ था। जियो न्यूज के अनुसार फराह का बंगला डिफेंस इलाके में है। इसकी कीमत 22 से 25 करोड़ रुपये बताई गई है। यह भी खबर है कि जब फराह खान हाल ही में दुबई भागीं तब विमान में वह 99 हजार डॉलर मूल्य का हैंडबैग लेकर नजर आई थी।
इमरान के राज में खूब बढ़ी दौलत
पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार इमरान खान के प्रधानमंत्री काल के पहले तीन सालों में फराह खान की दौलत खूब बढ़ी। 2017 में फराह खान ने 23.11 करोड़ की कुल संपत्ति घोषित की थी, जो कि चार गुना बढ़कर 97.10 करोड़ रुपये की हो गई थी। फराह खान को पीएम परिवार से करीबी का लाभ तो मिल ही रहा था, लेकिन जब इमरान ने पंजाब प्रांत के सीएम पद पर उस्मान बुजदार को नियुक्त किया तो फराह की किस्मत ही पलट गई। बुजदार के सीएम व इमरान के पीएम रहते फराह खान ने पाकिस्तान के कई शहरों में संपत्तियां खरीदी और विभिन्न क्षेत्रों में भारी निवेश किया।