फ्रांस के पूर्वी इलाके में शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों को ले जा रही बस सड़क से उतरकर खाई में गिर गई। हादसे में एक नाबालिग और एक युवा की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हुए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। बस में मिडिल और हाई स्कूल के छात्र सवार थे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
फ्रांस के पूर्वी हिस्से में शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों और किशोरों को लेकर जा रही एक इंटरसिटी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक नाबालिग और एक युवा की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है। ऐन (Ain) क्षेत्र के प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना ल्योन शहर के उत्तर-पूर्व में स्थित छोटे कस्बे लेंट के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया।
परिवहन मंत्री फिलिप तबारो ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि वह गंभीर बस दुर्घटना के बाद घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। समाचार प्रसारक बीएफएम टीवी के मुताबिक, बस में सवार बच्चे और किशोर इलाके के मिडिल और हाई स्कूलों में पढ़ने जा रहे थे। घटनास्थल से सामने आई तस्वीर में बस सड़क से उतरकर एक गहरी खाई में गिरी दिखाई दी।
परिवहन मंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया
शिक्षा मंत्री एडुआर गेफ्रे ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि जब हमारे विद्यार्थी और बच्चे इस तरह की दुर्घटना का शिकार होते हैं, तो यह बेहद दुखद क्षण होता है। उन्होंने कहा कि सरकार और शिक्षा जगत की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। परिवहन मंत्री फिलिप तबारो ने घटनास्थल का दौरा कर इसे दुखद हादसा बताया।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हादसे पर दुख जताया
ऐन क्षेत्र के प्रीफेक्ट लुई-जैवियर थिरोड ने बताया कि बस चालक की शुरुआती रक्त जांच में शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के कोई संकेत नहीं मिले हैं।बस क्षेत्रीय प्रशासन की ओर से संचालित थी और उसमें करीब 15 विद्यार्थी समेत अन्य यात्री सवार थे। बस सड़क से उतरने के बाद पेड़ों से टकराई और खाई में जा गिरी। स्थानीय मेयर इव क्रिस्टिन के मुताबिक, हादसे के समय सड़क थोड़ी गीली थी, लेकिन कोहरा नहीं था। बस सड़क से कैसे उतरी, इसकी वजह स्पष्ट नहीं है। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे आपातकालीन कर्मियों का आभार भी जताया।