थाईलैंड में एक ब्रिटिश सिख की हत्या का मामला सामने आया है। थाईलैंड के एक पांच सितारा होटल में नशे में धुत नार्वे के एक नागरिक ने 34 वर्षीय अमितपाल सिंह बजाज की गला दबाकर हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बजाज अपनी बीवी और बेटे के साथ छुट्टियां मनाने थाईलैंड गए थे और फुकेत के एक पांच सितारा ‘सेंटारा ग्रैंड होटल’ में ठहरे थे।
बुधवार को बजाज ने नार्वे के नागरिक से कहा कि वह शोर कम करे क्योंकि उसकी पत्नी और दो साल का बच्चा सोने की कोशिश कर रहे हैं। बजाज के परिवार के मुताबिक, नशे में धुत नार्वे का नागरिक बालकनी के जरिए कमरे में घुसा और बजाज को पीटने लगा। इसके बाद उसने ब्रिटिश नागरिक का गला दबा दिया। बजाज की पत्नी बंधना कौर ने कहा कि उनके पति ने हम दोनों को बचाने के लिए अपनी जान गंवा दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस और पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद बजाज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाईलैंड में ब्रिटिश महावाणिज्य दूत के अधिकारियों ने कहा कि हम बजाज के परिवार से संपर्क में हैं और उन्हें इसकी जानकारी दे दी गई है। नार्वे के विदेश मंत्रालय ने आरोपी नागरिक को थाईलैंड में गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की और कहा कि उसे राजनयिक मदद मुहैया कराई जा रही है।