ब्रिटेन के पीएम पद की दौड़ में आगे चल रहे भारतवंशी ऋषि सुनक ने शुक्रवार को पहली टेलीविजन बहस में हिस्सा लिया। इसमें उन्होंनें ब्रिटेन में कर और उससे जुड़ी हुई योजनाओं पर अपने विचार साझा किया। टीवी डिबेट के दौरान उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों द्वारा कर्ज और अधिक ऋण दिए जाने की होड़ की प्रतिज्ञा का विरोध किया। उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति से बाहर निकलने के लिए आपको ईमानदार होना होगा। इससे निकलने के लिए उधार लेना कोई योजना नहीं है। गौरतलब है कि भारतवंशी ऋषि सुनक के अलावा ब्रिटेन के पीएम की दौड़ में पेनी मोर्डंट, टॉम तुगेंडहाट, केमी बैडेनोच और लिज ट्रस इस दौड़ में शामिल हैं।
पहली टीवी डिबेट में क्या बोले सुनक
इस दौरान ऋषि सुनक ने यह भी कहा कि वह देश के राजकोष को बढ़ाने के लिए कठिन निर्णय लेंगे। बहस के दौरान उन्होंने ब्रिटेन की राष्ट्रीय संपदा को बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल के लिए राष्ट्रीय बीमा को बढ़ाए जाने का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजकोष में बढ़ोतरी के लिए ये एक अच्छा उपाय था, लेकिन वर्तमान की परिस्थितियों में कर में कटौती का वादा करना किसी परी कथा सा है।
बोरिस जॉनसन की ईमानदारी पर दिया बयान
टीवी डिबेट के दौरान पार्टीगेट के बारे में पूछे जाने पर सभी पांच उम्मीदवारों ने स्वीकार किया कि जॉनसन डाउनिंग स्ट्रीट पार्टियों पर पूरी तरह से ईमानदार नहीं थे। हालांकि इस मुद्दे पर सभी उम्मीदवारों ने काफी लंबे बयान दिए। 90 मिनट तक चली इस टीवी डिबेट के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए टॉम तुगेंडहाट को 36 प्रतिशत वोट के साथ विजेता घोषित किया गया। उनके बाद दूसरे नंबर पर सुनक को 24 प्रतिशत वोट मिले। अब सभी पांचो उम्मीदवार सोमवार को तीसरे दौर के मतदान से पहले रविवार को एक और टेलीविजन डिबेट करेंगे।
गौरतलब है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की रेस में अब तक भारतीय मूल के ऋषि सुनक सबसे आगे रहे हैं। पीएम बनने के लिए दो चरण की वोटिंग हो चुकी है, अब सोमवार को तीसरे दौर का मतदान होगा। वर्तमान में यूके में कंजरवेटिव पार्टी के पास बहुमत है। जिसके कारण पार्टी के अंदर ही प्रधानमंत्री चुनने की प्रक्रिया चल रही है।
ऋषि सुनक हुए शर्मसार
ब्रिटेन के पीएम पद की दौड़ में आगे चल रहे भारतवंशी ऋषि सुनक को पहली टेलीविजन बहस में ही शर्मसार होना पड़ा। दरअसल, वे जिस जगह बैठे थे, उसके पीछे लगे उनके चुनाव प्रचार के कैंपेन का बैनर लगा था। उस बैनर पर कैंपेन की स्पेलिंग गलत लिखी थी। जैसे ही सोशल मीडिया पर यह डिबेट लाइव देख रहे यूजरों की नजरें उस पर पड़ी तो उन्होंने सुनक का ध्यान इस गलती की ओर दिलाया। इस पर सुनक को शर्मिंदा होना पड़ा।