अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन संग व्यापार समझौते को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, ब्रिटिश एयरवेज ने बोइंग से 10 अरब डॉलर के विमान खरीदे। साथ ही ट्रंप ने टैरिफ नीति की आलोचना करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए झूठ फैलाने का आरोप लगाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के साथ हाल ही में हुए व्यापार समझौते को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। इस समझौते को लेकर ट्रंप ने दावा किया कि ब्रिटेन के साथ हाल ही में हुआ व्यापार समझौता दोनों देशों के प्रगति के लिए लिए शानदार है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि व्यापार समझौते के तहत ब्रिटिश एयरवेज ने बोइंग से 10 अरब डॉलर (करीब 83 हजार करोड़ रुपये) के नए विमान खरीदने का ऑर्डर दिया है।
ट्रंप ने आगे टैरिफ नीति के आलोचना करने वालो को करारा जवाब देते हुए कहा कि अमेरिका टैरिफ से बहुत पैसा कमाएगा, लेकिन इसे सिर्फ होशियार लोग ही समझते हैं। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान एक टीवी एंकर स्टेफनी रूले पर हमला के तौर पर देखा जा रहा है।
न्यूज एंकर पर साधा निशाना
अपने बयान में आगे ट्रंप ने न्यूज एंकर स्टेफ़नी रूले को निशाना बनाया और कहा कि उन्होंने टैरिफ को लेकर झूठी बातें बोलीं। उन्होंने कहा कि स्टेफनी रूले बहुत थकी हुई और घबराई हुई दिख रही थीं और वो टैरिफ के बारे में झूठ फैला रही हैं ताकि लोग उनकी आने वाली जीत को न मानें। साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि स्टेफनी रूले को लोग ज्यादा जानते नहीं हैं।