ब्रिटेन में सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री पद चुने जाने वाले व्यक्ति के नाम की घोषणा 23 जुलाई को की जाएगी। पूर्व विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन इस दौड़ में आगे चल रहे हैं। उनका मुकाबला वर्तमान शीर्ष राजनायिक जेरेमी हंट से है। कंजर्वेटिव पार्टी के 313 सांसदों ने 10 दावेदारों में से इन दो उम्मीदवारों का चयन किया है। पार्टी के 1,60,000 सदस्य इनकी किस्मत का फैसला करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि कंजर्वेटिव पार्टी के अगले नेता की घोषणा मंगलवार 23 जुलाई को की जाएगी। इस प्रक्रिया में दोनों उम्मीदवारों ने सहमति जताई है। देश के अगले प्रधानमंत्री के नाम की पुष्टि होने के बाद टेरीजा मे प्रधानमंत्री पद से औपचारिक तौर पर इस्तीफा देने के लिए महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से मुलाकात कर सकती हैं। इसके बाद चुना गया प्रधानमंत्री बकिंघम पैलेस जाएगा। जहां उसके नाम की औपचारिक पुष्टि की जाएगी। आपको बता दें कि ब्रेक्जिट समझौता को संसद में पारित नहीं करा पाने के बाद टेरीजा ने पिछले महीने इस्तीफे की घोषणा कर दी थी।
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन का जो भी प्रधानमंत्री होगा रूस उसके साथ काम करने के तैयार है। पुतिन ने कहा कि हम प्रधानमंत्री के चुनाव के परिणामों का सम्मान करेंगे। साथ ही जो हमारे साथ मिलकर काम करना चाहेंगे उनके साथ काम भी करेंगे।