भगवान स्वामीनारायण का अभिषेक करते पीएम जॉनसन व गृह मंत्री प्रीति पटेल
- फोटो : pti
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और गृहमंत्री प्रीति पटेल ने लंदन स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनाराणय मंदिर में दिवाली पूजन कर हिंदू नववर्ष मनाया। इस मंदिर को 'नेसडन मंदिर' के नाम से भी जाना जाता है।
पीएम जॉनसन का मंदिर का यह पांचवां दौरा था। मंदिर की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि जॉनसन को पाषाण मंदिर परिसर में ले जाने से पहले उनका पारंपरिक हिंदू तौर-तरीकों से स्वागत किया गया। इसके पहले गृह मंत्री प्रीति पटेल का भी मंदिर में आगमन पर स्वागत किया गया और मंदिर के आंतरिक गर्भगृह के केंद्रीय मंदिर में उन्होंने पीएम के साथ फलों की टोकरी चढ़ाई। यहां उन्होंने शांति का अनुभव करने में वक्त बिताया और अन्नकूट का भी अवलोकन किया।
दोनों नेताओं ने भगवान स्वामीनारायण के किशोर रूप श्री नीलकंठ वर्णी का अभिषेक भी किया। इसके बाद, विशिष्ट अतिथियों ने नेसडन मंदिर के राष्ट्रव्यापी कोविड-19 राहत प्रयासों को सारांशित करते हुए कुछ झलकियों को देखा और कुछ स्वयंसेवकों से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा, 'परम पावन प्रमुख स्वामी महाराज ने ब्रिटेन में जो योगदान दिया, वह अतुलनीय है। मैं इसे यहां नेसडेन मंदिर में देखता हूं। मैं यहां कई बार गया हूं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं यहां कभी ऐसे समय में रहा हूं जब मंदिर पूरे समुदाय के जीवन के लिए इतना जीवंत रहा है।'