श्रीलंका में चर्च और होटलों को निशाना बनाकर किए बम धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की इमारतें थरथरा उठीं। इमारतों में लगे शीशे चकनाचूर हो गए। धमाकों के बाद चर्चों का नजारा बहुत ही डरावना और दिल दहला देने वाला था। फर्श पर चारों तरफ खून और मांस के लोथड़े बिखरे पड़े थे।
धमाके के दौरान कोलंबो के सेंट एंथोनी चर्च के पास खड़े एलेक्स एजिलसन ने कहा, ‘बड़ी संख्या में घायलों को एंबुलेंस में ले जाया गया। जब धमाका हुआ तो आसपास की इमारतें कांप उठीं। इसकी वजह से चर्च की छत और दरवाजे उखड़ गए। बैठने की जगह खून से सनी नजर आ रही थी। जो दृश्य सामने आए हैं, उनमें हर तरफ तबाही का मंजर बिखरा नजर आ रहा था।’ श्रीलंका के मंत्री हर्षा डिसिल्वा ने कोलंबो के शंगरीला और किंग्सबरी होटल का जायजा लिया। उन्होंने ट्वीट कर बताया, ‘भयावह नजारे हैं। मैंने हर जगह शरीर के टुकड़े बिखरे देखे।’
विस्फोट के बाद सेंट सेबेस्टियन चर्च पहुंचे फादर एडमोंड तिलकरत्ने ने कहा कि चर्च के आसपास तीस से ज्यादा लाशें पड़ी हुई थीं। धमाके में चर्च के तीन फादर बुरी तरह जख्मी हुए हैं। कोलंबो के आर्कबिशप ने हमले के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इस बीच, होटल शंगरीला ने एक बयान जारी कर कहा कि मामले की जांच चल रही है। इसलिए हम इस मामले में कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दे सकते।