अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स देश के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनने की दावेदार तुलसी गबार्ड के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने गबार्ड को रूस के इशारे पर काम करने वाली विदेशी बताने को लेकर पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को आड़े हाथों लिया है। वेरमोंट से सीनेटर सैंडर्स ने एक ट्वीट में हवाई से हिंदू सांसद गबार्ड की सैन्य पष्ठभूमि का हवाला देते हुए इन आरोपों को बेहद अपमानजनक बताया।
उन्होंने क्लिंटन का नाम लिए बगैर ट्वीट किया, ‘तुलसी गबार्ड ने देश की रक्षा में जीवन को समर्पित किया। लोग मुद्दों पर असहमत हो सकते हैं लेकिन तुलसी को किसी देश के हाथों की कठपुतली बताना अपमानजनक है।’ सैंडर्स पिछले राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार थे। बीते कुछ दिन से गबार्ड पर रूस के इशारे पर काम करने के आरोप लग रहे हैं। क्लिंटन ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार के दौरान गबार्ड पर आरोप लगाया था कि रूस उनकी ‘मदद’ कर रहा है, ताकि वह राष्ट्रपति चुनाव में तीसरे पक्ष के उम्मीदवार के रूप में उभर सकें।