बांग्लादेश सरकार ने शेख मुजीब उर रहमान के हत्यारे नूर चौधरी के प्रत्यर्पण के लिए कनाडा में फिर से अपील की है। दरअसल एक नई डॉक्यूमेंट्री में खुलासा हुआ है कि बंगबंधु मुजीब उर रहमान का हत्यारा नूर चौधरी कनाडा में आराम से रह रहा है। इसी डॉक्यूमेंट्री के आधार पर बांग्लादेश सरकार ने नूर चौधरी के प्रत्यर्पण के लिए कनाडा में नई याचिका दायर की है।
28 सालों से कनाडा में रह रहा हत्या का दोषी
बांग्लादेश के कनाडा में उच्चायुक्त खलीलुर रहमान ने कहा है कि हम डॉक्यूमेंट्री से मिले नए सबूत के बाद चुपचाप नहीं बैठे हैं। हम उसके जल्द प्रत्यर्पण के लिए कनाडा सरकार के सामने नई अपील कर रहे हैं। रहमान ने बताया कि नूर चौधरी साल 1996 में कनाडा आया था और बीते 28 सालों से कनाडा में आराम से रह रहा है, जबकि वह एक गंभीर अपराध में दोषी है। बांग्लादेश सरकार उसके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है।
बांग्लादेश ने पश्चिमी देशों की आलोचना की
कनाडा में बांग्लादेश के उच्चायुक्त ने बताया कि 'हमारा दोस्त कनाडा हमारी चिंता को नहीं समझ रहा है। कनाडा और अन्य विकसित राष्ट्र मानवाधिकारों की सुरक्षा और बढ़ावा देने की बात करते हैं लेकिन नूर चौधरी ने मानवाधिकारों का उल्लंघन किया और मानवता के खिलाफ अपराध किया। इसके बावजूद कनाडा उसे बचा रहा है। वह एक हत्यारे के अधिकारों की रक्षा कर रहे हैं लेकिन पीड़ित परिवार के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। यह सच में डबल स्टैंडर्ड हैं।'
डॉक्यूमेंट्री से हुआ खुलासा
खलीलुर रहमान ने कहा कि 'हम पहले से जानते थे कि नूर चौधरी उस घर में रहता है लेकिन वह कभी कैमरे पर नहीं पकड़ा गया था। अब डॉक्यूमेंट्री से सभी को पता चल गया है कि वह कनाडा में 28 सालों से रह रहा है। इसलिए हम कनाडा सरकार के सामने नई याचिका दायर करेंगे।' 15 अगस्त, 1975 की सेना के कुछ जूनियर अफसरों ने ढाका में 32 धान मंडी स्थित शेख मुजीब उर रहमान के आवास पर हमला बोल दिया था। इस हमले में बांग्लादेश के राष्ट्रपिता शेख मुजीब उर रहमान समेत उनके पूरे परिवार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उस समय शेख मुजीब की दो बेटियां इस हमले में बच गईं थी, उन्हीं में से एक शेख हसीना बांग्लादेश की वर्तमान प्रधानमंत्री हैं।