बांग्लादेश के नरसिंगडी रेलवे स्टेशन पर एक युवती ट्रेन का इंतजार कर रही थी। उसके साथ दो लड़के भी थे। युवती ने क्रॉप टॉप और जींस पहनी हुई थी, जो वहां मौजूद एक अन्य महिला को रास नहीं आया।
बांग्लादेश में ट्रेन का इंतजार कर रही एक युवती पर एक महिला ने अश्लील टिप्पणी की। इतना ही नहीं वहां मौजूद लोगों ने भी युवती को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। युवती का दोष सिर्फ इतना था कि उसने क्रॉप टॉप और जींस पहना हुआ था।
विज्ञापन
कट्टरपंथी सोच का यह मामला 18 मई, 2022 का है। हालांकि, इस मामले में 27 अक्तूबर को सुनवाई करते हुए बांग्लादेश की कोर्ट ने महिला की जमानत को बरकरार रखा है। दरअसल, महिला की जमानत रद्द करने की अपील की गई थी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 18 मई, 2022 को बांग्लादेश के नरसिंगडी रेलवे स्टेशन पर एक युवती ट्रेन का इंतजार कर रही थी। उसके साथ दो लड़के भी थे। युवती ने क्रॉप टॉप और जींस पहनी हुई थी, जो वहां मौजूद एक अन्य महिला को रास नहीं आया। महिला ने युवती पर अश्लील टिप्पणी की, जिसका युवती व उसके दोस्तों ने विरोध किया। हालांकि, इसके बाद मामला बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोग भी युवती को पीटने लगे, जिसके बाद उसने किसी तरह स्टेशन मास्टर के कमरे में घुसकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मीडिया में एक नई बहस छिड़ गई। हालांकि, मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30 मई को शीला नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, 16 अगस्त को मामले में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने महिला को जमानत पर रिहा कर दिया था। इसके बाद शीर्ष अदालत में जमानत का विरोध किया गया। हालांकि, पांच जजों वाली बेंच ने सुनवाई के दौरान महिला की जमानत बरकरार रखने का आदेश पारित कर दिया।